Kanpur: आईआईटी में अब कैंसर का होगा अत्याधुनिक इलाज, टाटा मेमोरियल के सहयोग से खुलेगी 50 बेड की कैंसर यूनिट
Kanpur News: आईआईटी कानपुर ने टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के साथ एमओयू साइन किया है, जिसके तहत यदुपति सिंहानिया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 50 बेड की कैंसर केयर यूनिट खुलेगी। यह साझेदारी कैंसर के इलाज, अनुसंधान और डॉक्टरों के प्रशिक्षण में मील का पत्थर साबित होगी।
विस्तार
कानपुर और आसपास के जिलों में कैंसर का अच्छा इलाज दिलाने के उद्देश्य से आईआईटी कानपुर के गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी में 50 बेड की कैंसर केयर यूनिट भी खोली जाएगी। इस ऑन्कोलॉजी विभाग को तैयार करने में टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल (टीएमएच) की मदद ली जाएगी।
इसको लेकर आईआईटी कानपुर के गंगवाल मेडिकल स्कूल ने टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई के टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के साथ एमओयू साइन हुआ है। इस साझेदारी के तहत टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल अपनी विशेषज्ञता के माध्यम से अस्पताल की योजना, कैंसर उपचार प्रणाली, अनुसंधान और प्रशिक्षण में सहयोग प्रदान करेगा।
अनुसंधान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
आईआईटी में गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी के तहत यदुपति सिंहानिया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बन रहा है। इसमें 500 बेड का अस्पताल बनेगा। 50 बेड कैंसर यूनिट के लिए रहेंगे। आईआईटी टीएमएच की कैंसर केयर, रिसर्च, ट्रेनिंग और हॉस्पिटल प्लानिंग में विशेषज्ञता का इस्तेमाल करेगा। यहां डॉक्टरों और वैज्ञानिकों की संयुक्त टीम गंभीर बीमारियों पर अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देगी।