Kanpur: आईटीबीपी के नाम पर ठगी का प्रयास, दो पानी के व्यापारियों को भेजा फर्जी QR कोड, जांच शुरू
Kanpur News: महाराजपुर में साइबर ठगों ने खुद को आईटीबीपी का जवान बताकर दो पानी के व्यापारियों को लगभग 30 हजार रुपये का पानी मंगवाने के लिए फर्जी क्यूआर कोड भेजा। ठगों ने पहले भुगतान का झांसा दिया, लेकिन व्यापारियों ने पड़ताल की तो यह साइबर फ्रॉड निकला।
विस्तार
कानपुर के महाराजपुर में एक बार फिर से साइबर ठग सक्रिय हो गए है, जो नए-नए तरीकों से व्यापारियों को अपने जाल में फंसाकर ठगी कर रहे है। कस्बे के निवासी पुनीत कुशवाहा के पास एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को आईटीबीपी का जवान प्रदीप कांबले बताया और कहा कि कैंप में दो सौ गत्ते पानी की जरूरत है। इसकी कीमत लगभग तीस हजार रुपये होगी।
आरोपी ने भरोसा दिलाया कि जब आप कैंप में पानी लेकर आएंगे, तो पहले आपको पैसे दिए जाएंगे फिर माल लिया जाएगा। पुनीत को शुरुआत में कोई शक नहीं हुआ, लेकिन जब उसने इस बात की जानकारी अपने एक मित्र को दी और मामले की पड़ताल की तो सामने आया कि यह एक बड़ा साइबर फ्रॉड है। आईटीबीपी के नाम पर ठगी का जाल फैलाया जा रहा है।
क्यूआर कोड पर एक रुपये डालने के लिए कहा
इसी तरह महाराजपुर कस्बे के ही हर्षित गुप्ता को भी ऐसा ही फोन आया जिसमें एक लीटर के 150 गत्ते और आधा लीटर के 50 गत्ते पानी की मांग की गई। आरोपी ने राजवीर नामक युवक को क्यूआर कोड भेजा और उस पर एक रुपये डालने के लिए कहा। राजवीर पानी लेकर जब तय स्थान पर पहुंचा, तो सामने आया कि वहां कोई इस नाम का आईटीबीपी का जवान नहीं है।