Kanpur: जगदंबा पार्क में अटल वाचनालय का शुभारंभ, प्रतियोगी छात्रों को मिलेगी मदद…1000 पुस्तकों का होगा संग्रहण
Kanpur News: जगदंबा पार्क में नगर पालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडे और सदर विधायक पंकज गुप्ता ने अटल वाचनालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसमें 1000 पुस्तकों के साथ 44 छात्रों के बैठने की व्यवस्था होगी।
विस्तार
शुक्लागंज नगर के ऋषिनगर मोहल्ला स्थित जगदंबा पार्क में शुक्रवार को अटल वाचनालय का फीता काटकर नगर पालिका अध्यक्ष गंगाघाट कौमुदी पांडे, सदर विधायक पंकज गुप्ता ने किया। वाचनालय में एक साथ 44 छात्रों के बैठने की व्यवस्था होने के साथ ही 1000 पुस्तकों का संग्रहण होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को इस वाचनालय में काफी मदद मिलेगी।
वाचनालय शुभारंभ के अवसर एक पार्क में हुईं बैठक के दौरान सदर विधायक ने कहा कि नगर का यह पहला सरकारी पुस्तकालय होगा। इससे युवा वर्ग को काफी मदद मिलेगी। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि गंगाघाट को एक आदर्श एवं शिक्षित नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह लाइब्रेरी एक महत्वपूर्ण कदम है।
वाचनालय का फीता काटकर शुभारंभ किया
नगर के प्रत्येक वार्ड तक विकास कार्य पहुंचाने का लक्ष्य लेकर परिषद की टीम लगातार कार्य कर रही है। अटल वाचनालय युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने और समाज में शिक्षा के स्तर को बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप जलाए और वाचनालय का फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
शिक्षा एवं जनसुविधाओं को बढ़ावा देने का उद्देश्य
पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप पांडे ने बताया कि नगर पालिका परिषद गंगा घाट द्वारा क्षेत्र में शिक्षा एवं जनसुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अटल वाचनालय का निर्माण कराया गया है। इससे छात्रों को अध्ययन के लिए शांत, सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम में सूर्य कुमार बाजपेई, गोरेलाल दीक्षित, सुरशे चंद्र शुक्ला, अनूप शुक्ला, सभासद मनोरमा मिश्रा, पप्पू चौहान, नंदू मिश्रा, उर्मिला गौतम आदि मौजूद रहे।