Kanpur: हाईवे पर सेल टैक्स की मनमानी चेकिंग बनी जानलेवा, लोग दहशत में…बोले- बेलगात तरीकों से रोकते हैं वाहन
Kanpur News: सरसौल से छिवली तक सेल टैक्स विभाग की हाईवे पर मनमानी चेकिंग हादसों का कारण बन रही है। बीच सड़क पर वाहनों को रोकने से जानलेवा स्थिति पैदा हो रही है, जिससे लोग दहशत में हैं।
विस्तार
कानपुर में सरसौल से छिवली तक सेल टैक्स विभाग द्वारा हाईवे पर की जा रही बेलगाम चेकिंग ने लोगों के लिए खतरा पैदा कर दिया है। मनमाने ढंग से वाहनों को बीच सड़क पर रोकने से आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। खासकर महाराजपुर क्षेत्र में नियमों की धज्जियां उड़ाकर चेकिंग की जा रही है और कई बार अवैध वसूली के आरोप भी लगे हैं।
चेकिंग के दौरान चालक वाहन भगाने की कोशिश करते हैं, जिससे अक्सर छोटे वाहनों से टक्कर होने की नौबत आ जाती है। यह भी बताया कि सेल टैक्स की इस तरह की चेकिंग की वजह से पहले भी मासूमों की जान जा चुकी है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे तिवारीपुर ओवर ब्रिज के पास चेकिंग के चलते हाईवे की तीनों लेन कुछ देर के लिए पूरी तरह बाधित हो गई।
लोगों के लिए जानलेवा बन रही है चेकिंग
इससे कई वाहन आपस में टकराने से बाल-बाल बचे. जब वाहन चालकों ने इस मनमानी का विरोध किया, तो उन्हें सरकारी कार्य में बाधा डालने की धमकी दी गई। इस तरह की चेकिंग का तरीका अब भी लोगों के लिए जानलेवा बना हुआ है और जनता डर के साये में सफर करने को मजबूर है। स्थानीय प्रशासन की चुप्पी इन हादसों को खुली छूट दे रही है।