कानपुर: 22 लाख ई-मेल बेचने का मामला, अंकित के पाक-बांग्लादेश नेटवर्क का खुलेगा राज, सात दिन की रिमांड मंजूर
Kanpur News: अंकित शंखवार को अदालत ने सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेज दिया है। पाकिस्तान और बांग्लादेश में 22 लाख ई-मेल बेचने के आरोपी अंकित से एटीएस मंगलवार से पूछताछ शुरू करेगी, जिसमें विदेशी कनेक्शन, क्रिप्टो ट्रांजैक्शन और देश में ई-मेल के गलत इस्तेमाल पर फोकस रहेगा।
विस्तार
पाकिस्तान और बांग्लादेश में 22 लाख ई-मेल आईडी बेचने वाले कानपुर निवासी अंकित शंखवार से एटीएस अब सात दिन तक पूछताछ करेगी। कोर्ट ने उसकी सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर ली है। मंगलवार से एटीएस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू करेगी। इस दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश में उसके संपर्कों, ई-मेल खरीदने वालों और भारत में इनका इस्तेमाल करने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
एटीएस यह पता लगाएगी कि अंकित के नेटवर्क में कितने लोग शामिल थे और उनकी क्या भूमिका थी। पाकिस्तान और बांग्लादेश में वह किन लोगों के संपर्क में था, ई-मेल आईडी किसके लिए तैयार करता था और इसके बदले उसे कितनी रकम मिलती थी। इन सवालों के जवाब भी तलाशे जाएंगे। जांच एजेंसी यह भी पता करेगी कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल भारत में किसी धमकी या अन्य वारदात को अंजाम देने में तो नहीं किया गया।
अन्य लोगों के खातों में भी विदेश से रकम आई है
जांच में अब तक अंकित के क्रिप्टो खाते में बांग्लादेश समेत कई देशों से करीब 40 हजार डॉलर आने की जानकारी मिली है। वहीं, कानपुर स्थित उसके दो बैंक खातों में करीब 80 लाख रुपये का लेनदेन मिला है। एटीएस इन रकमों के स्रोत और लेनदेन से जुड़े लोगों की पहचान कर रही है। आशंका है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खातों में भी विदेश से रकम आई है।
