Kanpur: अधिवक्ता की मानवाधिकार आयोग में शिकायत, दिल्ली लाठीचार्ज के खिलाफ एनएचआरसी में याचिका दाखिल
Kanpur News: दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में कानपुर के अधिवक्ता करीम अहमद सिद्दीकी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) में याचिका भेजी है। याचिका में घटना की निष्पक्ष जांच, पीड़ितों को मुआवजा और साक्षियों की सुरक्षा की मांग के साथ 50 वीडियो वाली पेनड्राइव बतौर सबूत सौंपी गई है।
विस्तार
दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान किए गए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में कानपुर के अधिवक्ता करीम अहमद सिद्दीकी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में याचिका भेजी है। इसमें दिल्ली पुलिस कमिश्नर, डिप्टी पुलिस कमिश्नर, थाना प्रभारी व गृह मंत्रालय को विपक्षी बनाया गया है।
इसमें घटना की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने, प्रदर्शन स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित किए जाने, पीड़ितों को उचित मुआवजा व समुचित इलाज दिए जाने और घटना के साक्षियों को सुरक्षा देने की मांग की गई है।
सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन
याचिका में कहा गया कि दिल्ली के जंतर मंतर पर 20 जुलाई को छात्रों और नवजवानों के संसद मार्च प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस और आरएएफ द्वारा सरकार के इशारे पर सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों, जिसमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग भी शामिल थे, बर्बरतापूर्ण लाठी चार्ज किया गया।
कार्रवाई के लगभग 50 वीडियो भी सबूत
आंसू गैस के गोले छोड़े गए, पैलेट गन से भी फायर किए गए जिसमें कई छात्र घायल भी हो गए हैं। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर इस तरह से बर्बरतापूर्ण हमला छात्रों के विरोध के अधिकार का खुला उल्लंघन है। पुलिस की इस क्रूरतापूर्ण कार्रवाई के लगभग 50 वीडियो भी सबूत के तौर पर एक पेनड्राइव में रखकर याचिका के साथ भेजे गए हैं।