Kanpur: घाटमपुर में प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, नोटिस के बाद भी नहीं हटाया कब्जा, जमीन पर अवैध निर्माण ध्वस्त
Kanpur News: घाटमपुर नगर पालिका क्षेत्र के बसंत विहार में खलिहान और खाद के गड्ढे के रूप में दर्ज सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर पक्की बाउंड्री बनाई गई थी। गुरुवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
विस्तार
कानपुर मेंं घाटमपुर नगर पालिका क्षेत्र के बसंत विहार में खाद के गड्ढे व खलिहान के रूप में दर्ज सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण पर गुरुवार को बुलडोजर चलाकर धराशाई कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पालिका ईओ मय फोर्स के मौके पर मौजूद रहे। खाली कराई गई भूमि की बाजारी कीमत करीब 10 लाख है।
मालूम हो कि बसंत विहार मोहल्ला स्थित सरकारी जमीन गाटा संख्या 321 व 322 खलिहान व खाद के गड्ढे के रूप में तहसील में दर्ज है। कुछ माह पूर्व पालिका द्वारा उक्त जमीन पर नलकूप की भी स्थापना कराई गई है। नलकूप के बाद खाली जमीन पर जलाला निवासी रजत सिंह ने बाउंड्री का पक्का निर्माण कराकर अवैध कब्जा कर लिया था।
जमीन की कीमत करीब 10 लाख है
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने को लेकर पालिका द्वारा कब्जेधारक को नोटिस दी गई थी। इसमें उससे स्वयं कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी। पालिका अधिशासी अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि जब कब्जेधारक ने कब्जा नहीं हटाया, तो फिर पुलिस फोर्स, लेखपाल व पालिका कर्मियों को ले जाकर अवैध पक्के अतिक्रमण को धराशाई कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि खाली कराई गई जमीन की कीमत करीब 10 लाख है।