Kanpur: विधानसभा अध्यक्ष की कॉल के बाद कार्रवाई, पुलिस ने अब दर्ज की चार महीने पहले हुई लूट की रिपोर्ट
Kanpur News: पीड़ित परिवार ने बताया कि वारदात के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने सनिगवां चौकी गए। लुटेरों को ढूंढने की बात कहकर चौकी प्रभारी ने टरका दिया।
विस्तार
कानपुर में अपराध पर अंकुश लगाने की बजाय अपराध छुपाने में जुटी कानपुर पुलिस ने लूट की एक वारदात को चार महीने तक दर्ज ही नहीं किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज लेकर जब पीड़ित विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के पास पहुंचे तो वह भी हैरान हो गए। उनके फटकार लगाने के बाद चकेरी पुलिस ने आनन-फानन रिपोर्ट दर्ज की।
कांशीराम कॉलोनी सजारी निवासी सुखलाल श्रीवास का नौबस्ता में सैलून है। पत्नी विद्या व बेटी कीर्ति संग 18 मार्च को होली मिलने नौबस्ता स्थित अपने ससुराल गए थे। रात 10:30 बजे स्कूटी से वापस लौटते समय कांशीराम कॉलोनी के बने ओम नमः शिवाय मंदिर आश्रम के नजदीक पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने झपट्टा मारकर पत्नी की चेन तोड़ ली।
चौकी प्रभारी ने टरका दिया था
लूट के बाद आरोपी सजारी मोड़ की तरफ भाग निकले। पूरी वारदात पास के स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार सनिगवां चौकी गया। लुटेरों को ढूंढने की बात कहकर चौकी प्रभारी ने टरका दिया। चार माह तक भटकने के बाद एक रिश्तेदार के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से संपर्क किया। शिकायत सुनते ही विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिसकर्मियों को फोन पर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज हुई।