कानपुर हादसा: ओवरटेक करने में पिकअप, डंपर और डीसीएम भिड़े, कार पलटी…लगा पांच किमी लंबा जाम, महिला की मौत
Kanpur News: कानपुर-सागर हाईवे पर टेनापुर गांव के मोड़ के पास दुर्घटना हुई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
कानपुर के घाटमपुर में कानपुर-सागर हाईवे पर टेनापुर गांव के मोड़ के पास रविवार की रात ओवरटेक कर रही पिकअप सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। इसके बाद डीसीएम भी जा भिड़ी। पिकअप के पीछे चल रही कार चालक ने ब्रेक लगाया, तो वह अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई। इस हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए।
इस दौरान लगभग पांच किलोमीटर तक जाम लगा रहा। कानपुर के हंसपुरम निवासी जयनारायण (50), पत्नी गीता गुप्ता (45) के साथ कार से घाटमपुर से कानपुर लौट रहे थे। घाटमपुर थाना क्षेत्र के टेनापुर गांव के मोड़ के पास पहुंचते ही कार के आगे चल रही पिकअप डीसीएम से ओवरटेक करने लगी। तभी पिकअप की डंपर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
घायलों को पतारा सीएचसी में भर्ती कराया
ब्रेक लगाने पर पीछे आ रही कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार गीता गुप्ता की मौत हो गई। वहीं, जय नारायण समेत किशनगढ़ राजस्थान निवासी डंपर क्लीनर प्रधान (32), श्याम नगर चकेरी निवासी पिकअप चालक पवन बाजपेई घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने घायलों को पतारा सीएचसी में भर्ती कराया।
तहरीर मिलने पर होगी अग्रिम कार्रवाई
प्राथमिक उपचार के बाद वहां से तीनों को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से किनारे करवाकर यातायात बहाल कराया है। थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।