Kanpur Accident: नशे में धुत कार चालक ने छह साल की बच्ची समेत तीन को मारी टक्कर, हालत गंभीर…युवक हिरासत में
Kanpur News: किदवई नगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र राम ने बताया कि कार चालक किदवई नगर वाई ब्लॉक निवासी मोहक कयाल को हिरासत में लिया गया है। वहीं घायलों को इलाज अस्पताल में चल रहा है।
विस्तार
कानपुर के किदवई नगर क्षेत्र में शनिवार देर रात नशे में धुत कार चालक ने छह वर्षीय बच्ची समेत तीन को टक्कर मार दी। यह हादसा बैंक ऑफ बड़ोदा के ठीक सामने हुआ। कार की रफ्तार इतनी थी कि इसने रिक्शे, वैगनआर को टक्कर मारते हुए शटर से जा भिड़ी। हादसे के बाद चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
किदवई नगर साइट नंबर वन में बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने राजेश गुप्ता के मकान में अंकित की नमकीन की दुकान है। शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे वहां काम करने वाले धर्मेंद्र दुकान का शटर बंद कर घर जा रहे थे। अचानक एक तेज रफ्तार कार आई और पाहले रिक्शे को टक्कर मारी फिर वहां खड़ी वैगनआर से टकराते हुए शटर बंद कर रहे धर्मेंद्र को रौंद दिया। टक्कर लगते ही कार के एयर बैग खुल गए।
कार चालक को हिरासत में लिया गया
लोगों ने पीटने के बाद पुलिस को सूचना दी। हादसे में रिक्शे में बैठी बच्ची और उसके परिजन के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। किदवई नगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र राम ने बताया कि कार चालक किदवई नगर वाई ब्लॉक निवासी मोहक कयाल को हिरासत में लिया गया है। वहीं घायलों को इलाज अस्पताल में चल रहा है। कुछ महीने पहले किदवई नगर एच ब्लॉक में तेज रफ्तार वैन ने स्कूटी सवार बाबूपुरवा निवासी राजकुमार निगम उनकी बेटी भावना को यशोदानगर जाते समय टक्कर मारी थी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।