Kanpur: कांवड़ियों की स्टंटबाजी से हादसा, रेस लगाते समय बाइक को रौंदा, बायोमेडिकल इंजीनियर की मौत, दोस्त गंभीर
Kanpur Accident News: जीटी रोड पर चौबेपुर क्षेत्र में कांवड़ियों की स्टंटबाजी और रेस के दौरान हुई जोरदार टक्कर से बाइक सवार बायो मेडिकल इंजीनियर मोहित उर्फ शैलेंद्र सिंह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों खेरेश्वर मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
कानपुर में जीटी रोड पर कांवड़ियों की स्टंटबाजी से बाइक सवार बायो मेडिकल इंजीनियर मोहित उर्फ शैलेंद्र सिंह (27) मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा दोस्त अभिनय वर्मा (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। यह हादसा सोमवार तड़के चौबेपुर में भिंडुरी और मंधना एलिवेटेड के बीच हुआ। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीन चार कांवड़िये स्पोर्ट्स बाइक से रेस लगाते और इंजीनियर की बाइक में पीछे से टक्कर मारते हुए निकल गए।
टक्कर लगते ही इंजीनियर 50 मीटर तक घिसटते हुए दीवार से टकरा गए। हेलमेट पहनने के बावजूद उनकी मौके पर मौत हो गई। पनकी के अहिल्याबाई होल्कर नगर निवासी हरपाल सिंह सेंगर गैस एजेंसी में काम करते हैं। पत्नी श्यामा, दो बेटी मधु और खुशबू के अलावा इकलौता बेटा मोहित था। मोहित बीटेक करने के बाद मंधना के मेडिकल कॉलेज में बॉयो मेडिकल इंजीनियर था।
स्टंटबाजी और रेस बनी वजह
वह हॉस्पिटल और पैथालॉजी के उपकरणों की ऑडिट भी करता था। मोहित सोमवार तड़के पनकी के जिगरी दोस्त अभिनय के साथ बाइक से शिवराजपुर स्थित खेरेश्वर मंदिर दर्शन के लिए गया था। दर्शन के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। परिजन के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बताया कि भिंडुरी और मंधना एलिवेटेड हाईवे के बीच पीछे से स्टंटबाजी और रेस लगाते आए तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक सवार कांवड़ियों ने मोहित की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
परिजन तहरीर देंगे, तो रिपोर्ट दर्ज कर होगी कार्रवाई
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह घिसटते हुए सीधे दीवार से टकरा गए। मोहित की मौके पर मौत गई, जबकि अभिनय लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। हादसा होते ही आरोपी कांवड़िये कल्याणपुर की ओर भाग निकले। चौबेपुर पुलिस ने घरवालों को हादसे की सूचना दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि कावंड़ियों के स्टंट करने से हुई टक्कर में युवक की मौत हुई है। परिजन तहरीर देंगे, तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बहन के आने के बाद आज होगा अंतिम संस्कार
परिजन का कहना था कि स्टंटबाजों ने बुढ़ापे का सहारा छीन लिया। पुलिस ने गंगा बैराज पर सख्ती की तो अब हाईवे पर पहुंच गए। इन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। परिजन ने रुंधे गले कहा कि बड़ी बहन मधु बेंगलूरू में हैं। उनके सोमवार रात तक आने के बाद मंगलवार को मोहित का अंतिम संस्कार होगा। बेटे की मौत के बाद मां बदहवास है।