कानपुर: 72 वर्षीय डॉक्टर से 48 लाख की ठगी, डिजिटल अरेस्ट रखकर ऐंठे रुपये, महिला समेत तीन शातिर गिरफ्तार
Kanpur News: स्वरूपनगर निवासी 72 वर्षीय डॉक्टर को एक सप्ताह तक डिजिटल अरेस्ट में रखकर 48 लाख रुपये ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने गिरोह के तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
विस्तार
कानपुर के स्वरूपनगर में 72 वर्षीय वृद्ध डॉक्टर को सात दिनों तक डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखाकर 48 लाख रुपये हड़प लिए गए। मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तीन शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पकड़े गए शातिर ठगों ने ऑनलाइन डरा-धमकाकर डॉक्टर से बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई थी।
साइबर थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कानपुर निवासी वासु, कैंट कानपुर निवासी कंचन और रायबरेली निवासी आतिश के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह देश भर में लोगों को डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर अपने जाल में फांसता था।
म्यूल खातों में खपाई गई ठगी की रकम
स्वरूपनगर निवासी डॉक्टर को भी किसी फर्जी आपराधिक केस या पार्सल में अवैध सामग्री होने की धमकी देकर एक हफ्ते तक डिजिटल अरेस्ट में रखा गया और लगातार दबाव बनाकर 48 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस की वित्तीय जांच में सामने आया कि गिरोह ने ठगी की गई भारी-भरकम राशि को छिपाने के लिए दर्जनों म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल किया था।
अलग-अलग खातों में रकम को घुमाया
रकम बैंक खातों में पहुंचते ही उसे छोटे-छोटे हिस्सों में अलग-अलग खातों में घुमाया गया और एटीएम व यूपीआई के जरिए निकाल लिया गया। साइबर पुलिस टीम अब इस गिरोह के मास्टरमाइंड और म्यूल अकाउंट्स मुहैया कराने वाले अन्य सहयोगियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।