कानपुर: छठवीं श्री जगन्नाथ स्वामी पालकी यात्रा निकली, सुंदर झांकियों ने मोहा मन, प्रसाद वितरण के साथ समापन
Kanpur News: रविवार को छठवीं श्री जगन्नाथ स्वामी पालकी यात्रा बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। आनंद नगर से शुरू होकर कालीबाड़ी प्रांगण पहुंची इस भव्य यात्रा में राधा-कृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जहां करीब एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
विस्तार
कानपुर में श्री ओमर-उमर वैश्य समाज, लाल बंगला की ओर से रविवार को छठवीं श्री जगन्नाथ स्वामी पालकी यात्रा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकाली गई। सुबह 10 बजे आनंद नगर से शुरू हुई यात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी के साथ बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की भव्य एवं सुसज्जित पालकी शामिल रही।
यात्रा मार्ग में विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं परिवारों की ओर से आरती, भोग और प्रसाद वितरण कर पालकी का स्वागत किया गया। यात्रा में राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं भजन गायक श्रवण जी की भजन प्रस्तुतियों ने भक्तिमय माहौल बना दिया। कालीबाड़ी प्रांगण पहुंचने पर करीब 1000 से 1200 श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में अखिल भारतीय ओमर-उमर वैश्य महासभा के अध्यक्ष अजय गुप्ता, केंट बोर्ड उपाध्यक्ष लक्ष्मणलाल गुप्ता, सिद्धनाथ गुप्ता सहित अनेक गणमान्य सामाजिक व्यक्तियों की उपस्थिति रही। आयोजन में सक्रिय संचालन समिति के सदस्यों अमर गुप्ता, रमन जी, अभिलेश जी, अवनीश जी, लव ओमर जी, श्रीराम जी ओमर, राकेश जी, राजेंद्र एवं चंदन सहित समाज के लोगों का विशेष योगदान रहा।
समाज की एकजुटता को भी कर रहा है मजबूत
समाज के लोगों ने बताया कि पिछले छह वर्षों से चली आ रही यह परंपरा अब सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बन चुकी है। यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक पहचान को भी मजबूत कर रहा है।
