Kanpur: निशानेबाजी में पास…असेंब्लिंग में फेल, 20 थानों के 50% दरोगा नहीं जोड़ सके कारबाइन, अफसरों की चेतावनी
Kanpur News: कानपुर पुलिस लाइन में हुए अभ्यास में 20 थानों के दरोगा निशानेबाजी में तो सफल रहे, लेकिन 50% दरोगा कारबाइन जोड़ने में फेल हो गए और उनकी पिस्टल में गंदगी पाई गई।
विस्तार
कानपुर कमिश्नरी पुलिस के 20 थानों के 50 प्रतिशत दरोगा कारबाइन जोड़ने में फेल हो गए। उन्हें पुर्जों की असेंब्लिंग में कठिनाई हुई। यही नहीं लगभग सभी की पिस्टल में गंदगी मिली है, जिस पर उन्हें नियमित असलहों की साफ सफाई करने की चेतावनी दी गई। शनिवार को पुलिस लाइन में पिस्टल और कारबाइन चलाने व उसको जोड़ने का अभ्यास कराया गया। निशाना लगाने में लगभग 40 में से सभी पास हुए, जबकि 14 दरोगाओं ने सटीक निशाना लगाया।
पुलिस लाइन में हर साल थानेदारों, इंस्पेक्टर, दरोगा और सिपाहियों को फायरिंग रेंज में निशानेबाजी और असलहों की असेंब्लिंग का अभ्यास कराया जाता है। शनिवार को कोतवाली, रेलबाजार, फीलखाना, कैंट, गुजैनी, ग्वालटोली, नवाबगंज, काकादेव, बर्रा समेत अन्य थानों के दो-दो दरोगाओं को अभ्यास के लिए बुलाया गया। इसमें चौकी इंचार्ज भी शामिल हैं। सबसे पहले पिस्टल और कारबाइन से निशाना लगाने का अभ्यास कराया गया, जिसमें से सभी ने बेहतरीन फायरिंग की।
असेंब्लिंग करने में 50 प्रतिशत दरोगा नाकाम रहे
14 दरोगा के निशाने अंदर के गोले पर लगे। कारबाइन से भी कोई मिल फायर नहीं हुआ। मस्केट्री (पिस्टल व कारबाइन की असेंब्लिंग) कराई गई, जिसमें सभी दरोगा की पिस्टल गंदी मिली। उसको काफी समय से साफ नहीं किया गया था। कारबाइन की असेंब्लिंग करने में 50 प्रतिशत दरोगा नाकाम रहे। उन्हें अधिकारियों ने चेतावनी दी। संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन में हर साल अभ्यास किया जाता है। कई दरोगा कारबाइन की असेंब्लिंग नहीं कर पाए हैं। अधिकतर की पिस्टल में गंदगी मिली है।