कन्नौज बिजली संकट: आधा शहर और 60 गांवों में छह घंटे गुल रही बत्ती, अभियंता बोले- लोड बढ़ने से फुंक रहीं मशीनें
Kannauj News: मानपुर उपकेंद्र के एचटी लाइन का इंसुलेटर सुबह करीब 11:50 बजे फुंक गया। इससे आधे शहर सहित 60 गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होते ही भीषण गर्मी से लोग परेशान हो उठे।
विस्तार
कन्नौज जिले में भीषण गर्मी में कन्नौज शहर के आधे हिस्से और 60 गांव की बिजली छह घंटे से ज्यादा गुल रही। बिजली न आने से लोग बेहाल रहे। शहर के करीब मानपुर उपकेंद्र से तिर्वा रोड के साथ ही 60 गांव जुड़े हुए हैं। उपकेंद्र के एचटी लाइन का इंसुलेटर सुबह करीब 11:50 बजे फुंक गया। इससे आधे शहर सहित 60 गांवों की बिजली गुल हो गई।
बिजली गुल होते ही भीषण गर्मी से लोग परेशान हो उठे। बिजली न आने से इन्वर्टर भी ठप हो गए। इंसुलेटर फुंकने की जानकारी पर जेई और एसडीओ बिजली कर्मियों के साथ उपकेंद्र पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद करीब शाम 06:11 बजे बिजली सप्लाई बहाल हो सकी। इस बीच लोग घरों के दरवाजे पर बैठे रहे और हाथ के पंखे से हवा करते हुए नजर आए। बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
शाम को बिजली आई और फिर गई
शाम 06.11 बजे बिजली आते ही लोगों ने पंखे, कूलर चला दिए। इसके 10 मिनट बाद ही बिजली फिर चली गई। दो मिनट के बाद बिजली आ गई। शाम को बिजली का आना और जाना लगा रहा। इसको देखकर लोगों ने कहा कि बिजली आ... और गई। यह सिलसिला काफी देर तक चलता रहा।
जिन घरों में लोड कम है, गर्मी में उनके घर में भी एसी और कूलर चल रहे हैं। जिसकी जानकारी बिजली विभाग को नहीं है। इन्हीं के कारण मशीनों पर लोड बढ़ गया है और मशीनें व इंसुलेटर फुंक रहे हैं। बिजली विभाग लगातार बिजली व्यवस्था बेहतर करने का प्रयास कर रहा है। -मगन सिंह, अधिशासी अभियंता