Kannauj: नारी शक्ति के अपमान पर छिबरामऊ में आक्रोश, अर्चना पांडेय के नेतृत्व में राहुल-अखिलेश का पुतला फूंका
Kannauj News: नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) को लेकर विपक्षी दलों के विरोध के खिलाफ जनपद कन्नौज के छिबरामऊ में शनिवार को जोरदार आक्रोश देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी की क्षेत्रीय विधायक अर्चना पांडेय के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने प्रदर्शन किया और तालग्राम रोड पर पुतला दहन कर विरोध जताया।
विस्तार
पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया
भीड़ को संबोधित करते हुए विधायक अर्चना पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दशकों से लंबित महिला आरक्षण बिल को पारित कराकर महिलाओं को उनका हक दिया है, लेकिन विपक्ष की मानसिकता आज भी महिला विरोधी बनी हुई है। उन्होंने कहा, "सदन के भीतर विपक्ष ने जिस तरह का आचरण किया, उसने साफ कर दिया है कि वे नहीं चाहते कि देश की बेटियां नीति निर्धारण में अपनी भूमिका निभाएं। छिबरामऊ की महिलाएं इस अपमान का जवाब आने वाले चुनाव में देंगी।"
कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर नगर क़े तालग्राम रोड होते हुए कोल्ड स्टोरेज क़े सामने पहुंची।नारी शक्ति का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान' और 'मोदी जी ने हक दिया, विपक्ष ने विरोध किया' जैसे नारों से पूरा छिबरामऊ गूंज उठा। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने विपक्ष पर विकास की राह में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाया।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
प्रदर्शन और पुतला दहन की सूचना पर स्थानीय पुलिस बल भी मुस्तैद रहा। विधायक के नेतृत्व में हुए इस बड़े विरोध प्रदर्शन में भाजपा के कई स्थानीय पदाधिकारी और भारी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं के हक पर राजनीति बंद नहीं हुई, तो वे गांव-गांव जाकर विपक्ष के असली चेहरे को बेनकाब करेंगी।