कन्नौज: नवविवाहिता ने फंदे से लटककर दी जान, कमरे में दुपट्टे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस, परिजन बेहाल
Kannauj News: गुरसहायगंज कस्बे के मोहल्ला किदवई नगर में शनिवार रात एक नवविवाहिता ने घर की तीसरी मंजिल पर दुपट्टे के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विस्तार
कन्नौज जिले में गुरसहायगंज कस्बा के मोहल्ला किदवई नगर में शनिवार की रात एक नवविवाहिता ने घर की तीसरी मंजिल पर दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किदवई नगर निवासी सलोनी वर्मा (26) शनिवार की रात घर की तीसरी मंजिल स्थित कमरे में थी। रात करीब दस बजे परिजनों और मोहल्ले के लोगों को उसके फंदे से लटकने की जानकारी हुई। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार रामप्रकाश, कोतवाल अजय अवस्थी, अतिरिक्त निरीक्षक सीपी तिवारी, कस्बा प्रभारी विकल्प चतुर्वेदी तथा फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कमरे का दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और महिला के शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने पति से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं लग सका। घटना के बाद विवाहिता के मायके और ससुराल पक्ष के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।