Kannauj: भाजपा नेता और जेई के बीच कहासुनी, अभद्रता पर भाजपाइयों ने घेरा बिजलीघर, सामूहिक इस्तीफे की धमकी
Kannauj News: सौरिख के बिजलीघर में लाइनमैन द्वारा अवैध वसूली की शिकायत करने पहुंचे भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के साथ जेई द्वारा की गई कथित अभद्रता के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया। नाराज भाजपाइयों ने जेई को निलंबित करने की मांग की है और सोमवार तक कार्रवाई न होने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी है।
विस्तार
कन्नौज जिले के सौरिख कस्बे में शुक्रवार शाम भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राम किशन तिवारी और जेई दिलीप कुमार शर्मा के बीच हुई कहासुनी और अभद्रता से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार बिजलीघर पहुंचकर जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। कार्रवाई न होने पर सोमवार को सामूहिक इस्तीफे की धमकी दे डाली। शुक्रवार शाम को डीपी रखने और पैसे वसूली को लेकर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रामकिशन तिवारी बिजलीघर पहुंचे।
उन्होंने लाइनमैन पुष्पेंद्र की शिकायत जेई दिलीप कुमार शर्मा से की। इस पर जेई दिलीप कुमार शर्मा और मंडल उपाध्यक्ष के बीच जमकर कहासुनी हुई। इसकी जानकारी जब भाजपा कार्यकर्ताओं को हुई, तो शनिवार सुबह 11 बजे मंडल अध्यक्ष मंजेश पाल, मंडल उपाध्यक्ष रामकिशन तिवारी, जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र शाक्य कार्यकर्ताओं के साथ बिजलीघर पहुंचे और मामले की जानकारी एसडीओ अनिल कुमार को दी।
ग्रामीणों का जमकर आर्थिक शोषण करते हैं
कोई संतोष जनक जबाब न मिलने और कार्रवाई का आश्वासन न मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं ने बिजलीघर पर जमकर धरना प्रदर्शन कर जेई को निलम्बित करने की मांग कर दी। रामकिशन तिवारी का आरोप है कि क्षेत्र में लाइन मैन डीपी बदलवाने और कनेक्शन जोड़ने काटने के नाम पर ग्रामीणों का जमकर आर्थिक शोषण करते हैं। विरोध और अधिकारियों से शिकायत करने पर अभद्रता पर आमादा हो जाते हैं। उनका कहना है कि इसमें अधिकारी भी शामिल रहते हैं। इसलिए वह कार्रवाई की बजाए शिकायतकर्ता से अभद्रता पर उतर आते हैं।
कार्रवाई न हुई तो भाजपाई सामूहिक इस्तीफा देंगें
शुक्रवार शाम को लाइनमैन की वसूली की शिकायत पर जेई ने अभद्रता की। कार्यकर्ताओं ने मामले की जानकारी ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत को भी दी भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सोमवार तक जेई के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो सोमवार को भाजपाई सामूहिक इस्तीफा देंगें। इस बारे में जब जेई दिलीप कुमार शर्मा से फोन पर तीन बार बात करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इस मौके पर अरूण प्रताप सिंह, विशेश्वर सिंह, कुलदीप त्रिपाठी, विवेक सिंह समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।