कन्नौज सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराकर पेड़ में घुसी बेकाबू कार, दो युवकों की मौत और दो गंभीर घायल, कानपुर रेफर
Kannauj News: सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। इस भीषण हादसे में कार सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
कन्नौज जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के बजरिया शेखाना निवासी चार युवक गुरुवार रात कार से तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर जा रहे थे। बेहरीन गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार ओमान (18) और अली (15) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शैफी (20) और अराफात (20) गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि बजरिया शेखाना निवासी ओमान, अली, नई बस्ती निवासी शैफी (20) और अराफात (18) गुरुवार रात कार से पाल चौराहा स्थित चाय की दुकान पर चाय पीने गए थे। इसके बाद चारों किसी परिचित से मिलने के लिए तिर्वा-कन्नौज मार्ग से तिर्वा की ओर आ रहे थे। जैसे ही कार सवार बेहरीन गांव के पास पहुंचे। तभी तेज रफ्तार होने के कारण चालक ओमान नियंत्रण खो बैठा।
सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी कार
कार डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आगे बैठे ओमान व अली बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे ओमान और अली के शवों को बाहर निकाला। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।