Kanpur: जलकल विभाग ने बंद की जेड स्क्वायर की सीवर लाइन, 3.42 करोड़ रुपये जल व सीवर कर था बकाया
Kanpur News: जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कई बार नोटिस और कनेक्शन काटने की चेतावनी देने के बावजूद मॉल प्रबंधन ने कर जमा नहीं किया।
विस्तार
कानपुर में जलकर और सीवर कर जमा न करने पर शुक्रवार को जलकल विभाग ने जेड स्क्वायर मॉल की सीवर लाइन बंद कर दी। बाद में 30 लाख रुपये जमा करने और शेष धनराशि एक हफ्ते में जमा करने के आश्वासन पर सीवर लाइन जोड़ी गई। कार्रवाई के दौरान वहां मिले दूसरे कनेक्शन की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
बड़ा चौराहा स्थित जेड स्क्वायर मॉल पर 3.42 करोड़ रुपये जल एवं सीवर कर बकाया है। जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कई बार नोटिस और कनेक्शन काटने की चेतावनी देने के बावजूद मॉल प्रबंधन ने कर जमा नहीं किया। शुक्रवार सुबह जलकल विभाग की टीम ने मॉल का एक सीवर कनेक्शन टाट की बोरियां लगाकर बंद कर दिया।
50 फीसदी कर ही जमा कर रहा है
दोपहर में प्रबंधन की ओर से 30 लाख रुपये दिए और बाकि एक हफ्ते में जमा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद कनेक्शन बहाल किया गया। मॉल पर गृहकर, सीवर कर, जलकर का करीब 16 करोड़ रुपये बकाया हैं। मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में मॉल चार साल से 50 फीसदी कर ही जमा कर रहा है। जलकल विभाग के सचिव पीके सिंह के अनुसार विभाग को भवन सील करने का अधिकार नहीं है। इसलिए सीवर लाइन सील की गई।