Irfan Solanki Case: एमपीएमएलए कोर्ट में इरफान की पेशी, चार मार्च को तय होंगे आरोप, कचहरी में तैनात रही फोर्स
महाराजगंज जेल से भारी सुरक्षा में सपा विधायक इरफान सोलंकी कोर्ट पहुंचे। यहां जाजमऊ आगजनी और फर्जी आधार कार्ड मामले में सुनवाई हुई, जिसके बाद आरोप तय करने के लिए चार मार्च की तारीख तय कर दी गई।
विस्तार
कानपुर के जाजमऊ आगजनी कांड और फर्जी आधार कार्ड दोनों ही मामलों में अब चार मार्च को आरोप तय हो सकेंगे। महाराजगंज जेल से इरफान को भारी सुरक्षा में सुबह कोर्ट लाया गया था। सपा विधायक को शुक्रवार सुबह सेशन कोर्ट में पेश किया गया।
जाजमऊ आगजनी मामले में कोर्ट में आरोप तय होने थे, लेकिन एमपी एमएलए सेशन कोर्ट के विशेष न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण फाइल अपर जिला जज 17 की कोर्ट में पेशी हुई। यहां पर आरोप के लिए चार मार्च की तारीख नियत कर दी गई।
वहीं फर्जी आधार कार्ड मामले में एमपी एमएलए लोअर कोर्ट के न्यायाधीश आलोक यादव की अदालत में इरफान समेत अन्य आरोपियों की पेशी हुई। यहां सपा नेत्री नूरी शौकत के ड्राइवर अम्मार इलाही की ओर से आरोप मुक्ति प्रार्थना पत्र कोर्ट ने दिया गया।
अभियोजन की समय की मांग, चार मार्च की तारीख नियत
इस पर अभियोजन की ओर से आपत्ति दर्ज करने के लिए समय की मांग की गई। जिस पर कोर्ट ने चार मार्च की तारीख सुनवाई के लिए नियत कर दी है। बता दें कि विशेष न्यायाधीश एमपीएमएलए सेशन कोर्ट में सपा विधायक इरफान सोलंकी व उनके भाई रिजवान समेत अन्य आरोपियों की कोर्ट में पेशी हुई।
कोर्ट ने खारिज कर दी थी आरोप मुक्ति अर्जी
इरफान को महाराजगंज जेल से और बाकी आरोपियों को कानपुर जेल से सुबह कोर्ट लाया गया। पिछले दिनों कोर्ट ने इरफान, रिजवान व मो.शरीफ की ओर से दाखिल आरोप मुक्ति की अर्जी खारिज कर दी थी और मुकदमे में आरोप तय करने के लिए 24 फरवरी की तारीख नियत की थी।
कचहरी में तैनात रहा भारी पुलिस फोर्स
ज्वाइंट सीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि तीन टीमें क्यूआरटी और अलग-अलग आठ प्वाइंट पर पीएसी को तैनात किया गया। कचहरी के चारों तरफ भी पीएसी की तैनाती की गई। इसके अलावा कचहरी के आसपास छह इंस्पेक्टरों की ड्यूटी लगाई गई और दो इंस्पेक्टर व एक एसीपी विधायक के साथ मौजूद रहे।