Fatehpur: ई-टिकट ब्लैक करने वाला आईआरसीटीसी का एजेंट गिरफ्तार, 28 ई-टिकटों के साथ आरपीएफ ने दबोचा
फतेहपुर में आरपीएफ ने आईआरसीटीसी के एजेंट को 28 ई-टिकटों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी छिपे पर्सनल यूजर आईडी बनाकर जरूरतमंदों को मूल्य से अधिक दामों में ई-टिकट बिक्री करता था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में आरपीएफ (रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स) ने टिकट ब्लैक करते हुए एक एजेंट को पकड़ा है। सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर हथगाम क्षेत्र के छिवलहा कस्बा स्थित शुक्ला स्टूडियो टेलीकाम व इंटरनेट की दुकान से आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड) के एजेंट को 28 ई-टिकटों के साथ धर दबोचा। हत्थे चढ़े एजेंट ने पुलिस के समक्ष बताया कि वह चोरी छिपे पर्सनल यूजर आइडी बनाकर जरूरतमंदों को मूल्य से अधिक दामों में ई-टिकट बिक्री करता है।
आरपीएफ कपनी कमांडर अशोक कुमार यादव के नेतृत्व में एसआई दीपक यादव, डिटेक्टिव विंग प्रयागराज शिवनरेश यादव, एसआई रामराज सिंह, एएसआई रामअवधेश सिंह यादव ने हथगाम कस्बा के छिवलहा में स्थित आरोपित वेदप्रकाश शुक्ला की दुकान में छापा मारा। लैपटाप व मोबाइल फोन की जांच पड़ताल में 30 पर्सनल यूजर आइडी, भविष्य यात्रा के दो ई-टिकट व पूर्व की यात्रा के 26 ई-टिकट मिले। इन टिकटों को 46 हजार 757 रुपये 67 पैसे में बनाया गया है।
कंपनी कमांडर एके यादव ने बताया कि आरोपित वेदप्रकाश शुक्ला उर्फ तुन्नू निवासी सेमरा, हथगाम पर्सनल यूजर आइडी बनाकर कानपुर, प्रयागराज, दिल्ली, मुंबई, सूरत, लोधियाना, आगरा, इटावा आदि जगह जाने वाले यात्रियों के ई-टिकट बनाया था। जिस पर रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर रेलवे मजिस्ट्रेट प्रयागराज के समक्ष भेजा गया है।