यूपी: कानपुर क्राइम ब्रांच ने किया अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़, दो एजेंट गिरफ्तार
विदेश में नौकरी लगवाने का लालच देकर महिलाओं व युवतियों को खाड़ी देशों में बेचने वाले गिरोह का कानपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने भंडाफोड़ किया है।
विस्तार
आरोपी मुंबई, कर्नाटक, दिल्ली समेत कई अन्य शहरों के बड़े ट्रैवल्स कंपनियों से जुड़े हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने आगे का नेटवर्क खंगालना शुरू कर दिया है। भारत के अलावा श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश की महिलाओं को भी बेचा जा रहा है। कर्नलगंज निवासी महिला (40) को मुज्जमिल और अतीक उर्र रहमान ने ओमान में एक हॉस्पिटल में नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
5 जनवरी 2021 में महिला को ओमान भेज दिया। कुछ दिन बाद महिला ने परिजनों से संपर्क कर बताया कि यहां पर एक शख्स को उसको बेच दिया गया है। तब से उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है। जब परिजनों ने आरोपियों से महिला को वापस लाने की बात कही तो दोनों ने 22 हजार रुपये ले लिए।
पुलिस ने बरती लापरवाही
पिछले एक डेढ़ महीने से महिला के परिजन कर्नलगंज थाने के चक्कर लगा रहे थे। मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। कमिश्नरी लागू होने के बाद जब मामला अफसरों तक पहुंचा तो तुरंत केस दर्ज हुआ और आरोपी पकड़े गए। डीसीपी क्राइम ने बताया कि महिला अभी ओमान में ही है। मामले में विदेश मंत्रालय के जरिए ओमान में इंडियन एंबेसी से संपर्क किया गया है। महिला को वापस लाने की प्रक्रिया जारी है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानव तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। आरोपियों से जो जानकारी मिली है उस आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। जो महिलाएं विदेश में फंसी हैं उनको वापस लाने के लिए विदेश मंत्रालय से संपर्क किया गया है।
असीम अरुण, पुलिस कमिश्नर कानपुर