Kanpur Dehat: मासूम की संदिग्ध हालात में मौत, पत्नी ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, बोली- बेसुध हालत में मिला
Kanpur Dehat: पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। इस वजह से बिसरा सुरक्षित रखा गया है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर देहात में गजनेर के मान सिंह का पुरवा गांव में बुधवार की शाम एक मासूम की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, मामले में पत्नी ने पति पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने से बिसरा सुरक्षित रखा गया है। दुवारी गांव के मजरा मान सिंह पुरवा निवासी अरविंद पासवान अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्षीय बेटे अभिमन्यु के साथ सोमवार को कानपुर नगर के मझावन बिधनू स्थित ससुराल गए थे।
वहां दंपती में किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद पत्नी को मायके में छोड़कर अरविंद बेटे को लेकर गांव आ गए। बुधवार शाम को अरविंद कहीं गया था। रात 10 बजे वापस आया, तो बेटा अभिमन्यु चारपाई पर लेटा था। उसने खाना खाने के लिए आवाज दी, तो बेटे ने कोई उत्तर नहीं दिया।
पैर में कीड़े के काटने का निशान
जब पास जाकर देखा, तो वह बेसुध हालत में मिला। अरविंद के अनुसार पैर में कीड़े के काटने का निशान दिखने पर वह पुत्र को बहन के यहां सचेंडी में झाड़ फूंक के लिए ले गया। हालत में सुधार नहीं होने पर कानपुर नगर के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां बेटे को मृत घोषित कर दिया गया।
पत्नी ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
इधर, बेटे की मौत की सूचना पर पहुंची अरविंद की पत्नी मंजू ने उस पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर जांच के की। पामा चौकी इंचार्ज कौशल किशोर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। इस वजह से बिसरा सुरक्षित रखा गया है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।