मासूम की मौत: सिर और कमर पर चोट के निशान, चरपाई पर मिला खून, मां बोली- अचानक हुआ था गायब...फिर
Hardoi Crime: अतरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मां ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में डेढ़ वर्ष के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अतरौली थाना क्षेत्र में बुधवार को एक डेढ़ वर्ष के मासूम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मासूम की मां हत्या की आशंका जता रही है। मासूम के सिर और कमर पर चोट के निशान मिले हैं। साथ ही, गला दबाने के भी निशान हैं। इससे मामला संदिग्ध लग रहा है।
क्षेत्र के लालपुर आशा आश्रम गांव निवासी ज्ञानी के डेढ़ वर्षीय पुत्र अरुनव की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मासूम की मां मुस्कान ने बताया बुधवार की सुबह आठ बजे के बाद घर में भोजन बना रही थी। ससुर गुरूदयाल, सास कमला चचेरे ससुर रामसहारे गेहूं की फसल काटने खेत गए थे।
अचानक गायब हो गया था मासूम
खाना बनाते समय दरवाजे पर खेल रहे मासूम अरूनव अचानक गायब हो गया। उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इसके बाद रात नौ बजे सास कमला खेत से वापस आई, तो कमरे में देखा कि अविवाहित बेटी अपने भतीजे अरूनव के पास चुपचाप बैठी थी।
ननद आए दिन करती थी झगड़ा
चारपाई पर मासूम का शव देखकर बिलखने लगी। मौका मिलते ही ननद आशा छत से चढ़कर पड़ोस में चाचा के घर में भूसा की कोठरी में बैठ गई। मासूम की मां मुस्कान का कहना है कि अविवाहित ननद आए दिन झगड़ा करती थी। पुलिस ने मृतक की बुआ को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
एसपी बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी अग्रिम कार्रवाई
बताया जा रहा है कि मासूम की बुआ मानसिक रूप से बीमार है। मामले पर अधिक जानकारी देते हुए एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि बच्चा अचेत अवस्था में मिला था, जिसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।
बुआ से हो रही है पूछताछ
एसपी ने बताया है कि मां के आरोपों के आधार पर मृतक की बुआ को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि युवती को मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।