कानपुर में बोले इमरान प्रतापगढ़ी: छात्रों के दबाव में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, अब सरकार का जाना तय
कानपुर में कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के दबाव में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में सरकार का जाना तय है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। रविवार को शास्त्री नगर स्थित एस्सेल पैलेस में आयोजित ‘अल्पसंख्यकों का संकल्प, कांग्रेस ही विकल्प’ सेमिनार में उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन से घबराकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब जेनजी की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा छात्रों और युवाओं के साथ खड़े रहे हैं।
छात्रों के दबाव में इस्तीफा लेने का दावा
इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सरकार ने अपनी इच्छा से नहीं लिया, बल्कि देश के छात्रों ने दबाव बनाकर सरकार से इस्तीफा लिया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में सरकार का जाना तय है और सरकार छात्रों व कांग्रेस से डरी हुई है।
भाजपा पर नफरत की राजनीति का आरोप
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों की राजनीति के खिलाफ लोगों में जागरूकता बढ़ी है। उनके अनुसार जब भी संविधान कमजोर होता है तो उसकी पहली चोट अल्पसंख्यकों पर पड़ती है।
इमरान प्रतापगढ़ी का पगड़ी पहनाकर स्वागत
इमरान ने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी। सेमिनार में अल्पसंख्यक समुदाय के मुद्दों और आगामी राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी चर्चा हुई। कानपुर पहुंचे राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी का एस्सेल पैलेस, फजलगंज में कानपुर महानगर कांग्रेस की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंट की गई। कार्यक्रम संयोजक पार्षद अमनदीप गंभीर लवी समेत कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।