ICSE 10th Result 2022: सीआईएससीई ने जारी किया परिणाम, शीलिंग हाउस की अनिका ने देश में किया टॉप
आईसीएसई बोर्ड का हाईस्कूल परीक्षा परिणाम रविवार को घोषित कर दिया है। परीक्षा में जिले के सभी छात्र-छात्राएओं ने अच्छे अंक प्राप्त किए हैं। शीलिंग हाउस स्कूल की अनिका गुप्ता ने जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन की ओर से रविवार शाम आईसीएसई (10वीं) का परिणाम जारी किया गया। शीलिंग हाउस की अनिका गुप्ता ने 99.8 फीसद अंक पाकर देश में टॉप किया है। उन्होंने 500 में से 499 अंक प्राप्त किए हैं। शीलिंग हाउस स्कूल के ही आदित्य कनोडिया को 99.2 फीसदी और आयुषि को 99 फीसदी अंक मिले हैं। वहीं, चिंटल्स स्कूल की श्रेया श्रीवास्तव को 99 फीसदी, मर्सी मेमोरियल के गिरधर शुक्ला को 99 फीसदी, वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर के ऋषभ शुक्ला को 99.8 फीसदी अंक मिले हैं।
दसवीं की परीक्षा में शहर से करीब पांच हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे। शहर में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर शीलिंग हाउस के छात्रों का कब्जा रहा है। बता दें कि इस बार कोरोना को देखते हुए बोर्ड की परीक्षा को दो भागों में बांटा गया था। प्रथम और द्वितीय टर्म के परिणाम को मिलाकर परिणाम जारी किया है। शीलिंग हाउस की प्रिंसिपल वनिता मेहरोत्रा ने कहा कि स्कूल से नेशनल टॉपर निकलना गर्व की बात है। इसका श्रेय शिक्षकों और अनिका को जाता है।
अनिका बोलीं- टॉप करना मुश्किल नहीं, बस पढ़ाई में निरंतरता और एकाग्रता जरूरी
10वीं की परीक्षा में देश में टॉप करने वाली शीलिंग हाउस की छात्रा अनिका गुप्ता कहती हैं कि टॉप करना और अच्छे नंबर लाना मुश्किल नहीं है। बस जरूरत है पढ़ाई में निरंतरता और एकाग्रता की। अंग्रेजी में 99 और अन्य विषयों में 100 अंक पाने वाली अनिका कहती हैं कि ऐसा लगता था कि शहर में टॉप करूंगी, लेकिन देश में टॉप करने की बात मन में नहीं आई थी। उम्मीद से कई गुना अधिक फल मिला है। उन्होंने कहा कि स्कूल कभी बंक न करें। स्कूल में मिली शिक्षा ही सफलता के रास्ते खोलती है।
सिविल लाइंस स्थित आनंद ऐश्वर्य अपार्टमेंट में रहने वाली अनिका के पिता डॉ. सौरभ गुप्ता नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ और मां डॉ. वंदना गुप्ता पैथोलॉजिस्ट हैं। उनके दादा डॉ. केसी गुप्ता और दादी सरोज गुप्ता है। वह अपने माता-पिता की तरह डॉक्टर बनना चाहती हैं, इसलिए नीट की तैयारी शुरू कर दी है। उनको पेटिंग और किताबें पढ़ने का शौक है। छोटी बहन रिशिता पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। अनिका कहती हैं कि दो टर्म में पेपर होना अच्छा रहा। पहले टर्म में शत-प्रतिशत अंक आए थे।
नियमित पढ़ाई और लिखावट साफ होनी जरूरी
शीलिंग हाउस स्कूल के छात्र आदित्य कनोडिया ने 99.2 फीसदी अंक पाकर शहर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में केवल कॉपी भरने से कुछ नहीं होता है। परीक्षा में सवालों के उत्तर में प्वाइंटर जरूर दें। लिखावट साफ होनी चाहिए। स्कूल कभी बंक न करें। शिक्षकों को पता होता है कि आपका पेपर का पैटर्न क्या है, इसलिए उनकी बातों को अहमियत दें। धनकुट्टी निवासी आदित्य के पिता संदीप कनोडिया व्यवसायी और मां पिंकी शिक्षिका हैं। उन्होंने जेईई की तैयारी शुरू कर दी है। वह आईआईटी से कंप्यूटर साइंस से बीटेक करना चाहते हैं। आदित्य कहते हैं कि नियमित पढ़ाई जरूरी है। मैंने साल भर मूवी देखी, दोस्तों के साथ घूमा भी, बस परीक्षा से दो महीने पहले मन लगाकर पढ़ाई की थी।
सिटी टॉप फाइव
1. अनिका गुप्ता शीलिंग हाउस 99.8 फीसदी
2. आदित्य चांडक यूपी किराना सेवा समिति 99.4 फीसदी
3. आदित्य कनोडिया शीलिंग हाउस 99.2 फीसदी
3. इशिता सहाय स्वराज इंडिया 99.2 फीसदी
3. आकर्ष ओमर सेठ आनंद राम जयपुरिया 99.2 फीसदी
3. जहान्वी सिंह मैथाडिस्ट 99.2 फीसदी
4. आयुषि शीलिंग हाउस 99 फीसदी
4. श्रेया श्रीवास्तव द चिंटल्स स्कूल 99 फीसदी
4. गिरधर शुक्ला मर्सी मेमोरियल स्कूल 99 फीसदी
4. अर्पित मिश्रा पीडी निगम स्कूल 99 फीसदी
4. लक्ष्य गुप्ता मदर टेरेसा स्कूल 99 फीसदी
4. अरिजय मिश्रा सेठ आनंदराम जयपुरिया 99 फीसदी
5. वैष्णवी सिंह द चिंटल्स स्कूल 98.8 फीसदी
5. शिवम मदर टेरेसा स्कूल 98.8 फीसदी
5. आराधना डॉ. वीरेंद्र स्वरूप अवधपुरी 98.8 फीसदी
5. अमन कुमार यादव डॉ. वीरेंद्र स्वरूप अवधपुरी 98.8 फीसदी