#IAS अनुराग की ‘रहस्मय मौत’, 2009 में कानपुर की अरुणिमा से हुई थी शादी, 2016 में तलाक
जन्मदिन मनाने के लिए घर में पूजा पाठ के साथ ही पार्टी की तैयारी जोरों पर चल रही थी, लेकिन उनके घर पहुंचने से पहले ही मौत की खबर आ गई। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का आरोप है की उनके बेटे की मृत्यु किसी दुर्घटना से नहीं बल्कि किसी साजिश के तहत हत्या कर शव को फेंकने का काम किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
परिजनों के मुताबिक अनुराग तिवारी का विवाह 2009 में कानपुर शहर की रहने वाली अरुणिमा के साथ बड़े धूमधाम के साथ हुआ था, लेकिन 2016 में पत्नी से तलाक हो गया। तलाक की वजह से तिवारी काफी मायूस रहा करते थे। उनके करीबियों के अनुसार वह कुछ दिनों तक अवसाद में भी रहे।
बुधवार को कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी तिवारी का शव लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र के स्टेट गेस्ट हाऊस के बाहर सड़क के किनारे पडा मिला। उनकी मृत्यु से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। शव को अस्पताल ले जाया गया तो वहां अफसरों का तांता लग गया। इस घटनाक्रम पर तमाम सवाल भी खड़े किए जा रहे हैं। बहराइच निवासी अनुराग तिवारी बी.एम. तिवारी के तीसरे नंबर के बेटे थे। उनके बड़े भाई आलोक तिवारी और दूसरे नंबर के मयंक तिवारी एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।