Hardoi Murder Case: पति ने की पत्नी के सिर पर डंडा मारकर हत्या, 20 हजार रुपये को लेकर हुआ था विवाद
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम वाजिदपुरवा में रुपये के विवाद में पति ने पत्नी के सिर पर डंडा मार दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विस्तार
हरदोई जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम वाजिदपुरवा में पत्नी का पति ने 20 हजार रुपये को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान पति ने पत्नी के सिर पर डंडा मार दिया। जिससे पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव वाजिदपुरवा निवासी गीता (30) महावत जाति की थी। उसका 10 वर्ष पूर्व विवाद सीतापुर के मिश्रिख निवासी सर्वेश के साथ हुआ था। इन दिनों दंपती लखनऊ के पुरनिया में झुग्गी बनाकर रहते थे। उनके साथ में गीता का भाई बल्ला भी रहता था। परिजनों के मुताबिक बल्ला ने लोगों से मांग-मांगकर बहन के पास 20 हजार रुपये जमा किए थे।
पति ने यह रुपये गीता से ले लिए थे। इससे नाराज होकर गीता शुक्रवार की शाम अपने मायके चली आई थी। उसके पीछे रात में पति भी शराब के नशे में आ गया। जहां पर रुपयों को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस विवाद में पति ने गीता के सिर पर डंडा मार दिया।
मृतका की मां रमा देवी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल इंद्रजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।