Kanpur: फिर दिखा पुलिस का मानवीय चेहरा, दरोगा बोला-अम्मा पहले खाना खा लो, फिर बताना शिकायत, यह है मामला
कानपुर देहात में पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी निर्वहन भी बखूबी कर रही है। ताजा मामला, गजनेर चौकी में सामने आया। यहां एक बुजुर्ग महिला भूखी-प्यासी शिकायत लेकर पहुंची थी। उनकी पीड़ा को समझते हुए दरोगा ने कहा कि अम्मा पहले खाना खा लो फिर सुनते हैं, फिर बताना शिकायत।
विस्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस जनता का हर संभव सहयोग और मित्रतापूर्ण व्यवहार कर एक अच्छी छवि बनाने की दिशा में सराहनीय काम कर रही है। इसी तरह का ताजा मामला कानपुर देहात में सामने आया है। यहां मित्र पुलिस अब संवेदना समझ काम कर रही है।
गजनेर के मंगटा चौकी में बुजुर्ग महिला परिवार की समस्या लेकर पहुंचीं, तो इंचार्ज ने पहले उसे अपने टिफिन से खाना खिलाया फिर शिकायत सुनीं। थाना गजनेर के अंतर्गत मंगटा चौकी में यहां वाकया देखने को मिला। बिना कुछ खाए खाली पेट बुजुर्ग महिला फरियाद लेकर पहुंची।
दोपहर का वक्त होने पर चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह भांप गए कि बुजुर्ग ने कुछ खाया नहीं है। वह बोले अम्मा पहले खाना खा लो फिर शिकायत बताना। यह कहना हुआ कि बुजुर्ग की आंखों में आंसू आ गए। खाना खाने के बाद बुजुर्ग की समस्या सुन चौकी इंचार्ज ने समाधान का भरोसा दिया।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि बुजुर्ग पारिवारिक समस्या की शिकायत लेकर पहुंची थी। महिला बेहद भूखी लग रही थी। इसलिए मानवता के नाते उन्हें खाना खिलाया। इसके बाद उनकी पीड़ा सुनी और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई फोटो
बुजुर्ग महिला के साथ फर्श पर बैठे चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह की फोटो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। लोगों चौकी इंचार्ज की तारीफ वाली पोस्ट शेयर कर रहे हैं।