Kanpur: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नए भवन का गृह प्रवेश, पदाधिकारियों ने किया पूजन…14 को आएंगे मोहन भागवत
Kanpur News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कानपुर प्रांत के नए केशव भवन का गृह प्रवेश और वास्तु पूजन कार्यक्रम हुआ। संघ के पदाधिकारियों ने पूजन किया। बता दें कि यह कार्यक्रम दो दिनों तक चलेगा।
विस्तार
कानपुर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कानपुर प्रांत के नए केशव भवन का गृह प्रवेश कार्यक्रम हुआ। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन की शुरुआत अखंड रामायण पाठ के साथ हुई। शहर के मठ मंदिरों के करीब एक हजार पुजारी और वटुक पूजा-अर्चन व वेद-मंत्र का पाठ करेंगे।
संघ भवन के गृह प्रवेश और वास्तु पूजन कार्यक्रम में पूर्व क्षेत्र संघ चालक वीरेंद्रजीत सिंह, प्रांत संचालक भवानी भीख, विभाग संघ चालक डॉ. श्याम बाबू गुप्ता, कार्यालय समिति के अध्यक्ष कुंज बिहारी गुप्त सह प्रांत प्रचारक मुनीष कुमार आदि मौजूद रहे। बता दें कि 14 अप्रैल को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत भी यहां पहुंचेंगे।
कार्यकर्ताओं के साथ संघ प्रमुख की बैठक भी होगी
वह यहां चार दिनों तक प्रवास करेंगे। प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. अनुपम ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां प्रांत प्रचारक श्रीराम के मार्गदर्शन में हो रही है। 15 तथा 16 अप्रैल को संघ के छह आयाम में से सेवा विभाग के कार्यकर्ताओं के साथ संघ प्रमुख की बैठक भी होगी। इसी तरह पर्यावरण गतिविधि, सामाजिक समरसता संबंधी विषयों को लेकर प्रांत स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग समय पर बैठक करेंगे।
कोयला नगर में शाखा पर रहेंगे
इसके बाद वह 15 को कोयला नगर में शाखा पर रहेंगे, जबकि 16 को सर संघचालक निराला नगर की शाखा में रहेंगे। 17 को संघ की प्रांत कार्यकारिणी के साथ संघ शताब्दी वर्ष में संघ पंच परिवर्तन को लेकर चर्चा की जाएगी। इन सभी कार्यक्रमों की दृष्टि से सुबह से लेकर शाम तक प्रांत प्रचारक श्रीराम तथा प्रांत संघ चालक भवानी भीख कई टोलियों में बैठक कर रहे हैं।