Hardoi: छात्रा पर फब्तियां कसने वाले युवकों को ग्रामीणों ने पीटा, काट दिए बाल…दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज
Hardoi News: माधौगंज में छात्रा पर फब्तियां कसने वाले दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा और उनके बाल काट दिए। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
विस्तार
हरदोई जिले के माधौगंज थाना क्षेत्र में स्कूल से घर जा रही छात्रा पर फब्तियां कसते हुए गांव पहुंचे बाइक सवार दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। छात्रा के परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को जमकर फटकार लगाई। इसी बीच कुछ लोगों ने दोनों युवकों के बाल कैंची से काट दिए। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर फब्तियां कसने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। बाल काटे जाने का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इसके बाद पांच लोगों पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। माधौगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी (17) माधौगंज के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा है। पिता के मुताबिक, बीती 17 नवंबर को छात्रा स्कूल से साइकिल से घर जा रही थी। इसी बीच बाइक पर सवार दो लड़के फब्तियां कसते हुए उसका पीछा कर उसके गांव पहुंच गए। गांव पहुंचते ही किशोरी ने अपने चाचा से इसकी शिकायत की। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों लड़कों को पकड़ लिया। इनकी पिटाई भी की और फिर बाल काट दिए।
पांच लोगाें पर प्राथमिकी दर्ज की
इसी बीच माधौगंज थाने के उपनिरीक्षक शुभम सिंह एक मामले की विवेचना में तपनौर जा रहे थे। रास्ते में विवाद होता देख उन्होंने दोनों आरोपियों, बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के नीची मगरौली निवासी संजय और रवि को हिरासत में ले लिया। दोनों के खिलाफ फब्तियां कसने की प्राथमिकी भी दर्ज की गई। सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में पांच लोगाें पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक की तलाश की जा रही है।