Hardoi: युवक को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर काटा प्राइवेट पार्ट, बनाया किन्नर, जांच शुरू
युवक का आरोप है कि हिरनी ने उसे नशीली चाय पिलाकर उसका प्राइवेट पार्ट कटवा दिया। तीन दिन बाद जब उसे होश आया तो वह बर्बाद हो चुका था। किन्नर डरा-धमकाकर उसे अपने साथ नाच गाने में जबरन ले जाने लगे। धमकी दी किसी से बताया तो जान से मार देंगे।
विस्तार
हरदोई जिले के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को किन्नर बनाने का मामला सामने आया है। किन्नरों के साथ बधाई मांगने वाले युवक ने किन्नर व उसके साथियों पर उसका प्राइवेट पार्ट कटवाने के बाद किन्नर बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने साथी किन्नरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी है।
शाहाबाद क्षेत्र निवासी एक युवक पिछले काफी समय से क्षेत्र के ही किन्नरों के साथ नाच-गाने और बधाई मांगने का काम कर रहा था। शनिवार को कोतवाली में दी गयी तहरीर में युवक ने बताया है कि एक माह पूर्व किन्नर हिरनी ने उसे काम देने के बहाने से घर पर बुलाया था। वहां कुछ लोग पहले से मौजूद थे। आरोप है कि हिरनी ने उसे नशीली चाय पिलाकर उसका प्राइवेट पार्ट कटवा दिया। तीन दिन बाद जब उसे होश आया तो वह बर्बाद हो चुका था। किन्नर डरा-धमकाकर उसे अपने साथ नाच गाने में जबरन ले जाने लगे।
धमकी दी किसी से बताया तो जान से मार देंगे। शुक्रवार को वह किसी तरह वहां से मौका पाकर भाग निकला और घर पहुंचकर परिजन को पूरी बात बताई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत किए जाने की मांग की है। पुलिस ने युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद इस पूरे मामले में विधिक कार्यवाही की जाएगी।