Hamirpur: पोकलैंड की बकेट लगने से युवक की मौत; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
Hamirpur News: हमीरपुर के चिकासी में खनन खंड पर लोडिंग के दौरान पोकलैंड की बकेट लगने से जालौन निवासी भारत सिंह की मौत हो गई। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में चिकासी थाना क्षेत्र के चिकासी गांव स्थित खनन खंड संख्या 25/15 में पोकलैंड मशीन की बकेट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद खनन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान भारत सिंह (30) पुत्र स्व. हाकिम सिंह निवासी बरसेड़ा थाना कोटरा जनपद जालौन के रूप में हुई है। वह खनन खंड में ट्रकों की लोडिंग का कार्य करता था।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार रात कार्य करने के बाद वह खनन स्थल पर ही सो गया था। शुक्रवार को लोडिंग के दौरान चल रही पोकलैंड मशीन की बकेट उसके सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी
मृतक के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक तीन बहनों में अकेला भाई था और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। थाना प्रभारी मयंक चंदेल ने बताया कि युवक लोडिंग के दौरान मशीन की बकेट लगने से वह घायल हुआ। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। लिखित तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।