हमीरपुर सड़क हादसा: ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर, एक की मौत और दूसरे की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
Hamirpur News: मुस्करा थाना क्षेत्र में फटन के पुल के पास बुधवार रात तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में मुस्करा थाना क्षेत्र के फटन के पुल के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह टक्कर एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने हुई, जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर बाइक सवारों का टूटा हुआ हेलमेट भी मिला है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब साढ़े नौ बजे मुस्करा बसवारी गांव के बीच फटन के पुल के पास यह दुर्घटना हुई। हुसैना गांव निवासी वेदप्रकाश वर्मा ने बताया कि उनका दूसरा भाई अवधेश (20) और चचेरा भाई विकास (30) पुत्र शिवदानी वर्मा किसी काम से बाइक पर मुस्करा गए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे मुस्करा से गांव लौटते समय फटन के पुल से पहले उनकी बाइक की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
इस टक्कर में अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सीएचसी में तैनात डॉक्टर मनुलिका वर्मा ने अवधेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विकास का प्राथमिक उपचार कर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक कौशल सिंह ने बताया कि उक्त घटना में ट्रक और बाइक को कब्जे में लिया गया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मृतक के परिजनों से शिकायत मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।