हमीरपुर हादसा: बिना देखे चालक ने बढ़ा दिया ट्रक, पहिए के नीचे कुचलकर साथी की मौत, आरोपी और वाहन की तलाश जारी
Hamirpur News: मौदहा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे सो रहे उसके साथी (खलासी) की उसी ट्रक के पहिए के नीचे आने से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक और ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के नरायच गांव के पास नेशनल हाईवे-34 पर मध्यरात्रि के बाद दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे सो रहे चालक के साथी की उसी ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक की पहचान दिनेश कुमार पुत्र विश्वनाथ पटवा, निवासी सीताराम कॉलोनी, शुक्लागंज, थाना गंगाघाट, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। बताया गया कि रात में चालक ने नरायच गांव के पास ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया था। इसके बाद उसका साथी दिनेश कुमार ट्रक के नीचे सो गया। सुबह चालक ने बिना नीचे देखे ट्रक चला दिया, जिससे दिनेश ट्रक के पहियों की चपेट में आ गया।
चालक और ट्रक की तलाश में जुटी टीमें
मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। कोतवाली प्रभारी संजय यादव ने बताया चालक और ट्रक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।