Hardoi: आधी रात को SDM ने पकड़ा गेंहू लूट का सिंडिकेट; अनलोडिंग से पहले ट्रकों से गायब हो रहा था सरकारी अनाज
Haradoi News: मूल्य समर्थन योजना के तहत खरीदे गए सरकारी गेहूं की भंडारण से पहले चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। सदर एसडीएम मयंक कुंडू ने शुक्रवार रात लखनऊ रोड स्थित सीडब्ल्यूसी परिसर के बाहर छापेमारी कर गेहूं चोरी के खेल का खुलासा किया।
विस्तार
सरकारी क्रय केंद्रों पर होने वाली गेहूं की खरीद में भंडारण से पहले चोरी का मामले सामने आया है। सदर एसडीएम मयंक कुंडू ने शुक्रवार रात लखनऊ सड़क पर सीडब्ल्यूसी के बाहर खड़े ट्रकों में लोड बोरियों से गेहूं चारी पकड़ी है। टीम के साथ की गई छापेमारी में एक ई-रिक्शा, 16 बोरी गेहूं और वजन मशीन बरामद हुई है, आरोपी भाग गए। पूरे मामले की जानकारी जिलाधिकारी को दी गई है।
अनलोडिंग से पहले ट्रकों से गायब हो रहा था सरकारी अनाज
क्रय केंद्रों से सरकारी गेहूं खरीदकर भंडारण के लिए लखनऊ रोड स्थित सीडब्ल्यूसी गोदाम भेजा जा रहा है। सदर एसडीएम मयंक कुंडू को पिछले काफी समय से गोपनीय सूचना मिल रही थी कि गोदाम के बाहर अनलोडिंग के इंतजार में लाइन में खड़े होने वाले ट्रकों से गेहूं चोरी का एक बड़ा खेल चल रहा है। चोर रात के सन्नाटे में ट्रकों में लोड बोरियों से कटर मारकर गेहूं निकाल लेते हैं और फिर उस सरकारी गेहूं को मंडी और खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेच देते हैं।
एसडीएम ने आधी रात को बनाई टीम, मारा छापा तो मची भगदड़
इस पुख्ता और गोपनीय इनपुट के आधार पर सदर एसडीएम ने शुक्रवार की रात राजस्व अधिकारियों और पुलिस बल की एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने बिना किसी शोर-शराबे के लखनऊ सड़क पर सीडब्ल्यूसी के बाहर अचानक छापेमारी कर दी। प्रशासनिक टीम की गाड़ियों की हेडलाइट देखते ही ट्रकों से गेहूं की बोरियां उतार रहे चोरों और तस्करों में भगदड़ मच गई। आरोपी पुलिस को चकमा देकर अंधेरे में भागने में सफल रहे।
16 बोरी गेहूं, ई-रिक्शा और तोलने का कांटा बरामद
एसडीएम मयंक कुंडू ने जब मौके की तलाशी ली, तो वहां एक ट्रक के पास चोरी की नियत से खड़ा किया गया एक ई-रिक्शा बरामद हुआ। ई-रिक्शा पर चोरी का कुल 16 बोरी सरकारी गेहूं लदा हुआ था। इसके साथ ही मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी जब्त की गई है। एसडीएम के निर्देश पर बरामद ई-रिक्शा, गेहूं की बोरियां और वजन मशीन को तुरंत देहात कोतवाली पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी हरदोई को भेज दी गई है।
एसडीएम सदर मयंक कुंडू के अनुसार,सरकारी अनाज की चोरी का यह एक बेहद गंभीर मामला है। फरार आरोपियों और इसमें शामिल ट्रक चालकों की कुंडली खंगाली जा रही है। डिप्टी आरएमओ निहारिका को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस गेहूं चोरी के सिंडिकेट के खिलाफ तत्काल प्रभाव से देहात कोतवाली में नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराएं। सरकारी राशन की चोरी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।