किसानों के लिए खुशखबरी, मोबाइल एप बताएगा कब-कैसे और कौन सी फसल बोई जाए
किसानों के लिए खुशखबरी है। आईआईटी कानपुर के छात्रों ने एक ऐसा मोबाइल एप तैयार किया है, जिससे न केवल आपको मौसम की जानकारी मिलेगी, बल्कि आप यह भी जान सकेंगे कि कब, किस फसल की कैसे खेती कर सकते हैं। यही नहीं मिट्टी की जांच भी मोबाइल एप से ही होगी।
इस एप को आईआईटी कानपुर में दो माह से चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम समर ऑफ कोड में पहला पुरस्कार मिला। शनिवार को इसका एलान किया गया। टीम का नाम टेक ऐट फार्म है। टीम में ईशान मिश्रा, यशवर्धन रायजादा, दिव्यज्योती सिन्हा, आदित्य दीक्षित, शुभम गुप्तांद रहे। इन्हें यशार्थ वाजपेयी ने मेंटरशिप प्रदान की। यशार्थ ने बताया कि यह एप किसानों का प्रोफाइल तैयार कर सकती है। तब उन्हें पूर्वानुमान के तहत सारी जानकारी उपलब्ध कराएगी।
स्टार्टअप शुरू करने को इंस्टीट्यूट देगी मदद : प्रो. फणी
इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि प्रो. बीवी फणी ने शिरकत की। उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि अगर आप सभी अच्छे से मेहनत करें तो इस प्रोजेक्ट को अगले एक साल में बेहतर स्टार्टअप के रूप में स्थापित कर सकते हैं। इसके लिए संस्थान आपकी मदद करेगा। इस दौरान प्रो. नीशीथ श्रीवास्तव, प्रो. देबदत्ता मिश्रा और प्रो. नितिन सक्सेना ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
आप के हर ऑनलाइन खर्चे का हिसाब रखेगा माय मनी एप
दूसरे नंबर पर माय मनी प्रोजेक्ट रहा। यह एक ऐसा एप है जो यूपीआई, पेटीएम सहित अन्य ऑनलाइन ट्रांजेक्शन एप का पूरा हिसाब एक जगह सहेजकर रखने का काम करेगा। मतलब आप ऑनलाइन खरीददारी या ट्रांजेक्शन करते हैं, तो यह एप आपको प्रतिदिन, साप्ताहिक और मासिक हिसाब बता देगा। इस एप के जरिए आप यह जान सकेंगे कि किस दिन आपने कितना और कहां खर्च किया था। इसे विक्रांत मलिक, दिव्यांशु भारद्वाज, मानस अग्रवाल, अमन मित्तल, दर्श शर्मा ने बनाया है। इन छात्रों को तनमय यादव ने मेंटरशिप प्रदान की।
अस्पताल में एडमिट होते ही सबकुछ हो जाएगा ऑनलाइन
तीसरे नंबर पर हेल्थ बडी प्रोजेक्ट रहा। यह एक ऐसा ऑनलाइन प्रोजेक्ट है, जो अस्पताल की पूरी प्रक्रिया को कागजों से मुक्ति दिला देगी। इसे छात्र पारस मित्तल, सार्थक दुबे, गुंतास सिंह, नितिन गर्ग, रिदम अग्रवाल ने तैयार किया है। यशार्थ वाजपेयी ने इन्हें मेंटरशिप प्रदान की। यशार्थ ने बताया कि इस एप में किसी भी मरीज का पूरा रिकॉर्ड होगा। मतलब उसे क्या-क्या बीमारी है, उसके सभी चेकअप रिपोर्ट, उसे क्या दवाएं दी जा रही हैं और क्या डॉक्टर ने प्रिस्क्राइब्ड की है, डॉक्टर का अप्वाइनमेंट, अस्पताल का खर्चा आदि सबकुछ ऑनलाइन होगा।