Kanpur: डॉलर से युआन की होड़ में सोना लगा रहा दौड़, नौ दिनों में सोने के भाव में 1900 रुपये प्रति ग्राम की तेजी
Kanpur News: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद से डॉलर में बढ़त देखने को मिल रही है। ऐसे में चीन अपनी मुद्रा युआन की मजबूती के लिए बड़े स्तर पर सोना-चांदी खरीद रहा है।
विस्तार
कानपुर में सहालग का सीजन खत्म हो रहा है, लेकिन सोने-चांदी के दाम फिर से बढ़ने लगे हैं। नौ दिन के भीतर चांदी के भाव में प्रति किलो 4150 रुपये तो सोने के भाव में 1900 रुपये प्रति दस ग्राम की तेजी देखने को मिल रही है। जानकारों का कहना है कि चीन बड़े स्तर पर सोना-चांदी खरीद रहा है, इसलिए भाव बढ़ रहे हैं।
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के बाद से सोना-चांदी के भाव में जोरदार गिरावट देखने को मिली थी। अब फिर से भाव बढ़ने लगे हैं। दो दिसंबर को चांदी का भाव प्रति किलो 91 हजार रुपये था। अब भाव 95250 रुपये किलो हो गए हैं। दो दिसंबर को सोने का भाव प्रति दस ग्राम 78 हजार था जो अब 79900 हो गया है। 30 अक्तूबर को सोने का भाव उच्चतम स्तर पर था।
डॉलर में बढ़त देखने को मिल रही है
इस दिन भाव प्रति 10 ग्राम 81,750 रुपये था। चांदी का उच्चतम भाव 101700 रुपये 23 अक्तूबर को था। उप्र सराफा एसोसिएशन के मंत्री रामकिशोर मिश्रा ने बताया कि अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद से डॉलर में बढ़त देखने को मिल रही है। ऐसे में चीन अपनी मुद्रा युआन की मजबूती के लिए बड़े स्तर पर सोना-चांदी खरीद रहा है।
15 जनवरी 2025 से शुरू हो जाएगी सहालग
सीरिया, दक्षिण कोरिया में नया संकट चल रहा है। सोने में निवेशक निवेश कर रहे हैं। 15 दिसंबर से खरमास के चलते मांगलिक कार्य रुक जाएंगे। 15 जनवरी 2025 से फिर सहालग शुरू हो जाएगी। इस बार अप्रैल तक लगातार सहालग है। इसके चलते भी मैन्युफैक्चरर सोना-चांदी की अच्छी खरीद कर रहे हैं। आगे भी तेजी का अनुमान है।
सोने-चांदी के भाव:
तारीख सोना चांदी
02 दिसंबर 78000 91100
03 दिसंबर 78450 92750
04 दिसंबर 78300 92750
05 दिसंबर 78525 93750
06 दिसंबर 78300 93700
07 दिसंबर 78150 93100
09 दिसंबर 78500 93650
10 दिसंबर 79900 95000
11 दिसंबर 79900 95250
नोट: सोने के भाव प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव प्रति किलो में (उप्र सराफा एसोसिएशन के अनुसार)। 8 दिसंबर को बाजार बंद था।