GS Hackathon 2025: धमकी भरे मेल या मैसेज की पहचान होगी आसान, जूनियर बजूका ने तैयार किया प्रोटोटाइप, पढें डिटेल
Kanpur News: आईआईटी में हुए ग्लोबल सिक्योरिटी हैकाथॉन 2025 के ग्रैंड फिनाले में मुंबई की जूनियर बजूका टीम ने पांच लाख का इनाम जीता है।
विस्तार
धमकी भरे मेल या मैसेज की पहचान अब एआई टूल की मदद से की जा सकेगी। इसका प्रोटोटाइप तैयार करने वाले फादर सी. रॉड्रिग्स इंस्टीट्यूट मुंबई की टीम जूनियर बजूका ने मंगलवार को आईआईटी में आयोजित ग्लोबल सिक्योरिटी हैकाथॉन 2025 का ग्रैंड फिनाले जीता।
इसके लिए टीम को पांच लाख रुपये का पुरस्कार मिला है। साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलाव व नई चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए आईआईटी में साइबर सिक्योरिटी टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब की ओर से हैकाथॉन का आयोजन किया गया। फाइनल के लिए 46 टीमों के 170 प्रतिभागियों व 11 स्टार्टअप का चयन हुआ था।
चेन्नई की टीम बीआईओएस को मिला दूसरा स्थान
इनके बीच हुए मुकाबले में प्रतिभागियों ने ब्लॉकचेन, साइबर क्राइम, वेब 3 सुरक्षा, गोपनीयता बढ़ाने वाली प्रौद्योगिकियां, मोबाइल सुरक्षा और फोरेंसिक, आपूर्ति शृंखला सुरक्षा, थ्रेट इंटेलिजेंस, ऑटोमोटिव सुरक्षा सहित अन्य विषयों पर अपना प्रस्तुतीकरण दिया। ग्रैंड फिनाले में दूसरे स्थान पर रही शिव नादर यूनिवर्सिटी चेन्नई की टीम बीआईओएस ने अनकवरिंग थ्रेट इंटेलिजेंस फ्रॉम साइबर सिक्योरिटी रिपोर्ट पर प्रस्तुतीकरण दिया।
टीम इंडिया एक्स 8200 को मिला एक लाख का इनाम
इस पर टीम को दो लाख रुपये का इनाम मिला। वहीं, तीसरे स्थान पर रही गांधीनगर गुजरात के राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय की टीम इंडिया एक्स 8200 ने एआई से साइबर फ्राड को पकड़ने पर अपना प्रस्तुतीकरण दिया था। इस पर टीम को एक लाख का इनाम दिया गया है।