साऊदी रियाल के नाम पर ठगी: कपड़ा व्यापारी से 1.20 लाख रुपये ठगे, महिला समेत चार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
बेनीगंज के मोहल्ला कृष्णानगर निवासी व्यापारी के साथ सऊदी अरब की करेंसी यानी रियाल देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर महिला समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
विस्तार
हरदोई जिले में महिला ने एक कपड़ा व्यापारी को सऊदी के रियाल (मुद्रा) देने की बात कहकर 1.20 लाख रुपये ठग लिए। पोटली खोलने पर अंदर कागज और साबुन निकले। पीड़ित ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने महिला समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कृष्णा नगर निवासी मुशर्रफ ने दी तहरीर में बताया कि कस्बा के मुख्य बाजार में उसकी कपड़े की दुकान है। सात सितंबर को एक महिला दुकान पर आई थी। महिला ने कुछ कपड़े खरीदे और उसके बाद सऊदी के रियाल (मुद्रा) देने लगी।
रियाल के बारे में पूछने पर बताया कि उसे कबाड़ में मिले हैं। उसने और रियाल होने की बात कही और उसे नुमाइश चौराहा पर बुलाया। जहां पर महिला के साथ तीन अन्य साथी मौजूद मिले। महिला व उसके साथियों ने रियाल के बदले दो लाख रुपये मांगे। पीड़ित के मुताबिक उसने 1.20 लाख रुपये लाने की बात कही।
महिला ने साथियों से रियाल की पोटली मंगवाई। रुपये लेकर पोटली उसे दे दी। घर पहुंचने पर जब उसने पोटली खोली तो उसके अंदर रियाल की जगह साबुन और कागज निकले। उसने शहर आकर महिला व उसके साथियों की तलाश की। लेकिन सुराग नहीं लग सका।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अफरोजा, शाह आलम, रफीक, आलमगीर निवासी कोतवाली शहर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।