गंगा में चार युवक डूबे: देर शाम हुआ था हादसा, घटनास्थल से 1KM दूर मिले महेंद्र और राहुल के शव, परिजन बेहाल
Kanpur News: महाराजपुर के सिलवासा घाट में शुक्रवार की शाम चार दोस्त डूब गए थे। गोताखोरों की कई टीमें सुबह सात बजे से गंगा में सर्च अभियान चल रही थी। दोपहर बाद दो शव बरामद हो गए हैं।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के चांदनपुर गांव के सिलवासा घाट में गंगा नहाने आए छह में से चार दोस्त गहरे पानी में डूब गए थे। देर रात तक सर्च ऑपरेशन चला था, लेकिन चारों को कुछ पता नहीं चला। वहीं, सुबह सात बजे से गोताखोरों की कई टीमें तलाश में जुटी रहीं। दोपहर बाद घटनास्थल से एक किमी दूर दो शव बरामद हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक राहुल सिंह पुत्र कुंवर सिंह निवासी हर-हर महादेव गेस्ट हाउस न्यू आजाद नगर सतबरी कानपुर, सुमित सिंह, महेंद्र कुशवाहा उर्फ नीरज और प्रियांशु अग्रवाल पुत्र स्वर्गीय अजय अग्रवाल निवासी यशोदा नगर थाना नौबस्ता कानपुर चारों एक-दूसरे को बचाने में गहरे पानी में समा गए थे।
सेल्फी लेते समय फिसल गया था पैर
साथ में, गंगा नहाने गए दो अन्य दोस्तों राजकुमार यादव पुत्र बृजनंदन यादव और शिवम साहू पुत्र राजाराम साहू ने बताया कि घाट किनारे काफी देर तक शराब आदि का सेवन करने के बाद गंगा के किनारे मोबाइल से सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान नीरज का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
महिला ने साड़ी फेंक कर बचाने का प्रयास किया
उसको बचाने में तीन अन्य दोस्त भी गहरे पानी में समा गए। मौके पर मौजूद एक महिला द्वारा बचाने के लिए साड़ी फेंकी गई, लेकिन तब तक सभी गहरे पानी में डूब गए थे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा लगभग 25 किलोमीटर दूर तक गंगा में छानबीन की गई ,लेकिन युवकों का कुछ पता नहीं चला।
