बड़ा हादसा टला: गोरखपुर एक्सप्रेस के पहियों में आग, गेटमैन ने झंडी दिखाकर रुकवाई ट्रेन, मची अफरा-तफरी
Unnao News: कानपुर-लखनऊ रूट पर गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस (15066) की बोगी के ब्रेक शू में आग लग गई। बोगी से धुआं निकलता देख गेटमैन ने आनन-फानन में कंट्रोल रूम को जानकारी दी। आग लगे से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
विस्तार
उन्नाव जिले में कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस ट्रेन के पहियों में चिंगारी औैर धुआं निकलने से हड़कंप मच गया। गेटमैन की नजर पड़ी स्टेशन मास्टर को सूचना दी। रास्ते में ट्रेन रूकने और आग लगे होने की जानकारी हुई, तो यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर जीआरपी भी मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मियों ने मरम्मत करके ट्रेन को रवाना किया। कर्मियों के अनुसार ब्रेक शू फंस गया था, जिससे आग लगी। इस दौरान ट्रेन 27 मिनट तक रूकी रही। मुंबई से गोरखपुर जाने वाली 15066 गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस दोपहर 2:20 बजे रनथ्रू जा रही थी।
अजगैन रेलवे स्टेशन से जैसे ही ट्रेन क्रास हुई। गेटमैन देवेंद्र कुमार ने पहिये से चिंगारी निकलते देखी और जैतीपुर रेलवे स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर सतीश कुमार ने कंट्रोल रूम को सूचना दी और ट्रेन को जैतीपुर स्टेशन के पास ही रोक दिया गया।
यात्री नीचे कूदकर भागने लगे
रनथ्रू एक्सप्रेस के पहिये से चिंगारी निकलने की सूचना से हडक़ंप मच गया। ट्रेन रुकते ही यात्री कूदकर भागने लगे। जीआरपी, आरपीएफ के साथ सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। ट्रेन के लोको पायलट ने सहायक के साथ मिलकर ट्रेन के सभी कोचों का निरीक्षण किया।
27 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया गया
जिस कोच के पहिये से आग की चिंगारी निकल रही थी, उसकी मरम्मत कराई। इस दौरान करीब 27 मिनट का समय लग गया। दोपहर करीब 2:47 बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। ट्रेन के जाने के बाद अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली।
ब्रेक शू चिपकने से लगी थी आग
सोहरामऊ थानाध्यक्ष संदीप मिश्र ने बताया कि गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस के ब्रेक शू चिपकने से आग निकली थी। रेल कर्मचारियों ने फायर सिलेंडर की मदद से आग पर काबू पाया। कोच ठीक होने के बाद यात्रियों को ट्रेन में बैठाया गया, जिसके बाद लखनऊ की ओर रवाना किया गया।