फतेहपुर: तालाब में डूबने से युवक की मौत, मछली पकड़ने के दौरान हादसे की आशंका, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Fatehpur News: हथगाम के सराय इदरीश में बंधवा तालाब में डूबने से दिनेश लोधी (32) की मौत हो गई। दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी थी, अब दिनेश की मौत से बुजुर्ग मां और मासूम भतीजे के सिर से कमाने वाला एकमात्र सहारा भी छीन गया।
विस्तार
फतेहपुर जिले के हथगाम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सराय इदरीश में बुधवार सुबह नहर किनारे स्थित बंधवा तालाब में डूबने से एक युवकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने उसकी शिनाख्त दिनेश कुमार (32) पुत्र मुन्नू लाल लोधी के रूप में की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के मुताबिक, दिनेश मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने बंधवा तालाब में एक शव तैरता देखा और परिजनों को सूचना दी। मौके पर परिजनों ने शव की पहचान दिनेश के रूप में की।
पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया
घटनास्थल के पास मछली पकड़ने के कांटे और अन्य सामान पड़ा मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मछली पकड़ते समय अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। दिनेश तीन भाइयों में मझला था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
उसके बड़े भाई दिलीप कुमार और छोटे भाई अरविंद की पहले ही असमय मौत हो चुकी है। घर में अब केवल बुजुर्ग मां दूरिया देवी (75) और बड़े भाई का मासूम बेटा दुर्गेश (9) ही बचे हैं। दिनेश खेती-किसानी करके अपनी वृद्ध मां और मासूम भतीजे का पालन-पोषण कर रहा था। घर के अकेले कमाने वाले बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।