Fatehpur Student Murder: हत्या से पहले मदरसा छात्र संग कुकर्म की आशंका, मौलवी और हाफिज पर पुलिस का शक गहराया
Fatehpur News: एलआईयू प्रभारी सत्यबाला सिंह ने टीम के साथ मदरसे की जांच की है। मदरसे के दस्तावेज भी खंगाले हैं। मदरसा अवैध तरीके से संचालित हो रहा था। एलआईयू मदरसा बंद कराने की रिपोर्ट भेज सकती है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में हत्या से पहले मदरसा छात्र संग कुकर्म की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुकर्म की आशंका पर डाक्टर ने स्लाइड बनाई है। उधर, पुलिस ने मौलवी और हाफिज से सख्ती से पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार दोनों गुनाह कबूल चुके हैं। हालांकि पुलिस के मुताबिक कबूलनामे की कड़िया नहीं जुड़ रही हैं।
मलवां थाने के एक गांव का रहने वाला नौ साल का बालक सौंरा स्थित अनवारूल उलूम रिजविया मदरसे में पढ़ता था। मदरसे से 29 जून को गायब हो गया था। उसका 30 जून को मदरसे से 300 मीटर दूर कुएं से बोरी में शव मिला था। पुलिस मौलवी व हाफिज से पूछताछ में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट छात्र की मौत घुटने से होना आया है। छात्र का शव मिलने पर मुंह में टेप बंधा था।
कयास लगाए जा रहे कि टेप बंधा होने से छात्र सांस नहीं ले सका और उसका दम घुटा है। वहीं स्लाइड बनाई गई है। स्लाइड बनाए जाने से कुकर्म की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मदरसे में ही पढ़ने वाले गाजीपुर थाने के एक छात्र को भी पूछताछ के लिए उठाया। उससे कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि सारे बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा होगा।
मौलवी ने छात्र के भागने की उड़ाई थी अफवाह
मलवां थाने में छात्र की मां व पिता दोपहर को पहुंचे। करीब तीन घंटे बैठे रहे। मां ने बताया कि मदरसे में पढ़ाने वाले मौलाना व हाफिज ने उन्हें बेटे के बारे में गुमराह किया था। वह बोला था कि बेटा कहीं भाग निकला है। बेटा ऐसा नहीं कर सकता था। उन्होंने बताया कि मदरसा संचालक एक बार संवेदना जताने तक नहीं आए हैं। मदरसे में बिहार व बंगाल के मौलाना तालीम देने क्यों रहते हैं, इस पर सवाल उठाए है। मदरसे में गांव के लोगों को नहीं जाने दिया जाता है।
एलआईयू ने मदरसे की जांच
एलआईयू प्रभारी सत्यबाला सिंह ने टीम के साथ मदरसे की जांच की है। मदरसे के दस्तावेज भी खंगाले हैं। मदरसा अवैध तरीके से संचालित हो रहा था। एलआईयू मदरसा बंद कराने की रिपोर्ट भेज सकती है।