{"_id":"67e7e7346defdaeb900bada2","slug":"fatehpur-a-tanker-full-of-diesel-and-petrol-overturned-after-hitting-a-tractor-laborer-died-2025-03-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Fatehpur: डीजल-पेट्रोल भरा टैंकर ट्रैक्टर में टक्कर मारकर पलटा, मजदूर की मौत, हादसे में तीन घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Fatehpur: डीजल-पेट्रोल भरा टैंकर ट्रैक्टर में टक्कर मारकर पलटा, मजदूर की मौत, हादसे में तीन घायल
Sat, 29 Mar 2025 06:18 PM IST
शिखा पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फतेहपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फतेहपुर
Published by: शिखा पांडेय
Updated Sat, 29 Mar 2025 06:18 PM IST
सार
फतेहपुर जिले में डीजल-पेट्रोल भरा टैंकर ट्रैक्टर में टक्कर मारकर पलट गया। हादसे में मजदूर की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
दुर्घटना के बाद पलटे ट्रैक्टर और टैंकर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भट्ठे से ईंट लादकर जा रहे ट्रैक्टर ट्राली में शनिवार को पीछे से तेज रफ्तार डीजल-पेट्रोल भरे टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहनों के सड़क पर पलटने से ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं, शिक्षक समेत तीन घायल हुए। हादसे में बिजली का खंभा भी टूट गया। खंभा टूटने से तारों में हुई स्पार्किंग से आग लगने की का खतरा भांपकर दमकल भी मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया।
विज्ञापन
बांदा जिला मटौंध थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा निवासी रंजीत (22), बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के पारादान निवासी बृजमोहन (30), सदान बदान का पुरवा निवासी ट्रैक्टर चालक राजू (35) बिंदकी रजीपुर मोड़ स्थित भट्ठे में काम करते थे। चालक के साथ मजदूर ईंट लादकर कस्बे की ओर जा रहे थे। विद्युत उपकेंद्र के पास ट्रैक्टर में खजुहा की ओर से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्राली और टैंकर पलट गए। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे।
विज्ञापन
ट्रैक्टर के नीचे दबे रंजीत को निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। चालक व बृजमोहन को घायल हालत में निकाला। टैंकर पलटने से उससे तेल का रिसाव होने लगा। टैंकर छोड़कर चालक व खलासी मौके से भाग निकले। दमकल और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। टैंकर में यात्री के रूप में बैठे कानपुर, यशोदा नगर निवासी शिक्षक श्रीकृष्ण यादव (47) भी घायल हुए।
विज्ञापन
हादसे के दौरान टैंकर के बिजली के खंभे में टकराने से मुगलरोड में हाईटेंशन लाइन क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़ी। विद्युत आपूर्ति चालू थी। बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल रोड पर फैला होने से बड़े हादसे की आशंका के चलते तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। दमकल की मौजूदगी में बैरिकेडिंग कर टैंकर खड़ा कराया गया। पानी की बौछार से तेल का असर खत्म किया गया। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया टैंकर को कब्जे में लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
चार घंटे आपूर्ति बाधित, 9000 लीटर तेल था
टैंकर में 3000 लीटर के कुल चार कूपे हैं। दो कूप में 6000 लीटर डीजल और एक कूप में 3000 लीटर पेट्रोल था। विद्युत पोल में स्पार्किंग होने पर पेट्रोल, डीजल में आग लग सकती थी। इससे हादसा और भी भयावह हो सकता था। विद्युत आपूर्ति बंद होने से कस्बे की 10 बजे से एक बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही।