Farrukhabad Murder: चालक की हत्या कर शव गड्ढे में फेंका, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में हुआ लंगड़ा, अस्पताल में भर्ती
Farrukhabad Murder Case: कमालगंज क्षेत्र में डीसीएम चालक सोनेलाल की हत्या के आरोपी विनेश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। यह हत्या महिला से अवैध संबंधों के शक के चलते की गई थी।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज कोतवाली क्षेत्र में डीसीएम चालक की हत्या कर शव को गंगा की कटरी में स्थित गड्ढे में फेंकने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। महिला से अवैध संबंध होने पर चालक की हत्या की गई थी। इसमें दो भाइयों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद क्षेत्र कुरैना निवासी सोनेलाल की हत्या का आरोपी भोजपुर मार्ग पर बाइक से आने की जानकारी पुलिस को देर रात मिली। इस पर इंस्पेक्टर रामसहाय सिंह, भोजपुर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार, दरोगा हाकिम टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने सामने से आ रही बाइक को हाथ देकर रुकने को कहा, तो बाइक फिसल गई। पुलिस को देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।
आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी
इसके बाद पुलिस टीम की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। एएसपी अरुण कुमार सिंह व सीओ अजय वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
महिला से अवैध संबंध होने का मामला सामने आया था
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे चालक सोनेलाल का शव महमदगंज मड़ैयन घाट स्थित पक्के पुल जाने वाले रास्ते पर किनारे गड्ढे में पड़ा मिला था। मामले में चालक सोनेलाल के पिता सुरेश सिंह यादव ने कल्लू नगला निवासी अवधेश व उसके भाई विनेश के खिलाफ हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगा प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हत्या के पीछे महिला से अवैध संबंध होने का मामला सामने आया था।