Fatehpur: किसान की नहर में डूबकर मौत...मचा कोहराम, पत्नी बोली- मेरा घर बिखर गया, माली हालत भी ठीक नहीं है
Fatehpur News: किसान पैर फिसल जाने से नहर की गहराई में पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी रामसखी का रो-रोकर हाल बेहाल है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में ललौली थाना क्षेत्र में शौच के लिए गए किसान की नहर में डूबने से मौत हो गई। नहर में पैर फिसल जाने से किसान गहरे पानी में चला गया था। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ललौली थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी किसान जगतपाल पासवान (55) पुत्र स्व. रघुवीर सुबह पांच बजे बटाई के खेतों में धान की फसल काटने गया था। वहां से नौ बजे घर लौटते समय गांव के समीप शाह रजबहा की नहर में शौच के बाद पानी लेने के लिए गया।
तभी पैर फिसल जाने से नहर की गहराई में पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी रामसखी का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक के दो बेटे पंकज (22), योगेश (14) और बेटी रेशमा (18), प्रियंका (16) हैं, जिनकी हालत भी बेहाल है।
पत्नी बोली- घर की माली हालत ठीक नहीं है
पत्नी रामसखी ने कहा कि घर की माली हालत ठीक नहीं है। पति जगतपाल ने किसी तरह रुपयों का इंतजाम करके एक माह पहले बड़े बेटे पंकज कुमार को कमाने के लिए विदेश भेजा है। वहीं, बटाई के खेत लेकर धान की फसल काटने के बाद बड़ी बेटी रेशमा के लिए इसी साल हाथ पीले करने को कह रहे थे।