कानपुर: परियर पुल पर दो मौतों के बाद हंगामा, परिजन बोले-हादसा नहीं, जानबूझकर मारी टक्कर; लगाया जाम
Kanpur News: बिठूर थाना क्षेत्र के परियर पुल पर रविवार रात हुए हादसे में दो रिश्तेदार भाइयों की मौत के बाद सोमवार को परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने हादसे को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए अज्ञात वाहन चालक पर जानबूझकर बाइक में टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगाया और सड़क पर जाम लगा दिया।
विस्तार
परिजन सीसीटीवी फुटेज दिखाने और वाहन चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। जाम के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी है। बिठूर के भिड़ईया गांव निवासी नगर निगम ऑपरेटर राहुल निषाद (27) रविवार रात अपनी बाइक से रिश्ते में बुआ के बेटे उन्नाव के सफीपुर स्थित माड़ापुर निवासी सुजीत निषाद (25) को उसके घर छोड़ने जा रहा था। परियर पुल पर तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सुजीत ने बिठूर स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखाने पर भड़के परिजन
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद उन्हें फुटेज नहीं दिखाई गई। इसी को लेकर परिजन आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि वाहन की टक्कर की परिस्थितियां स्पष्ट होने के बाद ही उन्हें संतुष्टि मिलेगी।
एक नगर निगम में ऑपरेटर, दूसरा होटल में था वेटर
राहुल नगर निगम में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। उसके परिवार में पत्नी सोनी, पांच माह का बेटा, मां बबली और भाई-बहन हैं। वहीं सुजीत होटल में वेटर का काम करता था। रक्षाबंधन के मौके पर वह राहुल के घर आया था। रविवार रात राहुल उसे उन्नाव छोड़ने जा रहा था, तभी दोनों हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मौके पर परिजनों को समझाने और यातायात सुचारू कराने का प्रयास कर रही है।