हत्या की झूठी कहानी: साहब! पत्नी-बच्चों को भट्ठे में झोंक दिया, फोन आते ही दौड़ी पुलिस...फर्जी निकला मामला
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में पत्नी व बच्चों को भट्ठे में झोंकने की सूचना पर आनन फानन में पुलिस पहुंची। जब जांच की, तो मामला झूठा निकला। इस पर पुलिस ने आरोपी ग्रामीण के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में एक ग्रामीण ने फोन पर पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी व बच्चों को मालिक ने भट्ठे में झोंक दिया है। इस पर इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ भट्ठे पर पहुंचे। जांच पड़ताल में मामला झूठा मिलने पर पुलिस ने ग्रामीण को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
मऊदरवाजा थाने के गांव खिनमिनी निवासी शिवनारायण (50) ने पहले 112 पुलिस और फिर इंस्पेक्टर को फोन कर बताया कि वह भट्ठे पर काम करता है। उसकी पत्नी और बच्चों को मालिक ने भट्ठे में झोंक दिया है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर आमोद कुमार सिंह भट्ठा पर पहुंचे।
उन्होंने मजदूरों व भट्ठे के मुनीम से जानकारी की। पता चला कि शिवनारायण आए दिन बेवजह शिकायतें कर लोगों को परेशान करता रहता है। पुलिस ने शिवनारायण की पत्नी के बारे में जानकारी की, तो पता चला कि वह कायमगंज में रहती है।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
वहीं, भतीजे दुर्गेश के मोबाइल से शिवनारायण के पुत्र अनुराग से इंस्पेक्टर ने बात की। अनुराग ने बताया कि उसकी मां कायमगंज में हैं। झूठी सूचना देने पर पुलिस ने शिवनारायण को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि शिवनारायण परिजनों से भी झगड़ा करता रहता है।